
कैरव गांधी के अपहरण के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, एसएसपी कार्यालय घेरा
जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के खिलाफ भाजपा ने प्रदर्शन किया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय तक मार्च निकाला। नेताओं ने प्रशासन पर अपराध नियंत्रण में विफलता का आरोप लगाया और नागरिकों की सुरक्षा की मांग की। यदि हालात नहीं सुधरे, तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी।
शहर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और अपहरण की घटनाओं के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से एसएसपी कार्यालय तक आक्रोश मार्च निकाला गया। प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ताओं के साथ सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने प्रशासन पर अपराध नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाते हुए अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि औद्योगिक नगरी जमशेदपुर, जो कभी शांति और अनुशासन के लिए जानी जाती थी, आज भय और असुरक्षा के माहौल से जूझ रही है।
अपहरण, नशा कारोबार, चोरी, छिनतई और संगठित अपराध तेजी से बढ़े हैं, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो भाजपा चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करेगी। अपराधी बेलगाम : सांसद सांसद विद्युतवरण महतो ने कहा कि अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। झामुमो-कांग्रेस सरकार की उदासीनता और पुलिस की निष्क्रियता से अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि अबुआ राज में राज्य की कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। एसएसपी आवास के पास से दिनदहाड़े अपहरण सरकार की विफलता है। मामला गंभीर, पुलिस को अंतिम चेतावनी विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि यह भाजपा की अंतिम चेतावनी है। बच्चों और युवाओं के लापता होने की घटनाएं बेहद गंभीर हैं। थानों के चक्कर काटते माता-पिता को न्याय नहीं मिल रहा। पुलिस का रवैयाय नहीं सुधरा तो व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने कहा कि शहर में नशा, सट्टा, शराब, लॉटरी और तस्करी खुलेआम चल रही है। बाहरी अपराधी सक्रिय हैं, फिरौती मांगी जा रही है। हेलमेट चेकिंग ही प्रशासन का मकसद बन गया है। प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि अपहरण जैसी घटनाओं से पूरा शहर दहशत में है। जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो और सख्त कार्रवाई की जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




