ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुरकदमा से पहले अपराधियों ने साकची में की थी फायरिंग

कदमा से पहले अपराधियों ने साकची में की थी फायरिंग

कदमा शास्त्री नगर में शुक्रवार रात टाटा स्टील के सप्लायर ऋषिकेश चंद्रा के घर पर हुई फायरिंग का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पता चला है कि कदमा में...

कदमा से पहले अपराधियों ने साकची में की थी फायरिंग
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरMon, 01 Feb 2021 05:31 PM
ऐप पर पढ़ें

कदमा शास्त्री नगर में शुक्रवार रात टाटा स्टील के सप्लायर ऋषिकेश चंद्रा के घर पर हुई फायरिंग का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पता चला है कि कदमा में फायरिंग के करीब तीन घंटे पहले अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से साकची के होंडा शोरूम के बंद शटर पर भी फायरिंग की थी। यह जानकारी रविवार को डीएसपी हेडक्वार्टर-1 पवन कुमार ने एसएसपी कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए दी।

पवन कुमार ने बताया कि इस मामले में तीन अपराधियों शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 निवासी आकाश सिंह उर्फ छोटू बच्चा (19) व मोहित सिंह उर्फ गजानंद सिंह (32) और शास्त्री नगर रोड नंबर-7 निवासी राजेश साव उर्फ गब्बर (34) को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि सभी ने जुर्म स्वीकार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि मोहित और ऋषिकेश के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। इसी को लेकर मोहित ने आकाश सिंह के साथ मिलकर शुक्रवार रात करीब 11 बजे ऋषिकेश के घर पर फायरिंग की थी। इससे पहले सभी रात करीब 8 बजे मोहित के ऑटो रिक्शा से साकची आए थे, जहां उन्होंने दहशत फैलाने के उद्देश्य से होंडा शोरूम के बंद शटर पर फायरिंग की। इसके बाद सभी ऑटो पर सवार होकर भाग रहे थे तभी सीतारामडेरा के भालूबासा में छोटू सिंह और मोहित हथियार के साथ पकड़े गए। हालांकि ऑटो में चार लोग सवार थे, जिनमें से 2 फरार हो गए। बाद में मोहित की निशानदेही पर राजेश साव उर्फ गब्बर को गिरफ्तार किया गया। सभी के पास से एक पिस्तौल, दो देसी कट्टा, एक ऑटो और फायरिंग में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। उक्त सभी पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। वहीं, मोहित सिंह तो रंजन सिंह हत्याकांड मे जेल भी जा चुका है। वह हाल ही में सीतारामडेरा डकैती मामले में भी जेल से छूटकर बाहर आया है।

मोहित बोला- अखिलेश सिंह के कहने पर की थी फायरिंग

इधर, एसएसपी कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान मोहित सिंह ने स्वीकारा कि अखिलेश सिंह के कहने पर ही उसने कदमा में टाटा स्टील के सप्लायर के घर पर फायरिंग की थी। ज्ञात हो कि ऋषिकेश चंद्रा के घर से बरामद हुए धमकी भरे पत्र में भी अखिलेश सिंह के नाम का जिक्र किया गया है। हालांकि इस पूरे मामले में धमकी भरे पत्र में वर्णित सोनू सिंह का अबतक कोई पता नहीं चल सका है। वहीं घटना में शामिल दो अपराधी भी फरार हैं। पुलिस इस पूरे मामले को रंगदारी के दृष्टिकोण से देख रही है। ज्ञात हो कि अखिलेश सिंह दुमका जेल में बंद है। ऐसे में अखिलेश गिरोह की तथाकथित सक्रियता ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है।

टाइगर मोबाइल के जवानों को एसएसपी ने किया पुरस्कृत

जानकारी के अनुसार सीतारामडेरा थाने में चेकिंग दौरान हथियार लेकर भाग रहे उक्त अपराधियों को टाइगर मोबाइल के दो जवानों द्वारा दौड़ाकर पकड़ा गया था। उनके साहस के लिए एसएसपी ने दोनों जवानों को नगद पुरस्कार से प्रोत्साहित किया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें