Jamshedpur News: कदमा के विजया हेरिटेज में तैनात दो सुरक्षा गार्डों को कार से कुचलने का प्रयास, घायल
Jamshedpur News: कदमा थाना क्षेत्र में विजया हेरिटेज फोर फेज में दो सुरक्षा गार्डों को कार से कुचलने का प्रयास किया गया। राजेश शर्मा और मनोज कुमार नामक गार्ड घायल हुए जबकि उनके मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गए। शिकायतकर्ता ने आरोपी मुकेश कुमार के खिलाफ पहले भी शिकायत की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Jamshedpur News: कदमा थाना क्षेत्र के विजया हेरिटेज फोर फेज में मंगलवार रात ड्यूटी पर तैनात दो सुरक्षा गार्डों को कार से कुचलने का प्रयास किया गया। इस घटना में दोनों गार्ड घायल हो गए, जबकि उनके मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गए। मामले को लेकर भुइयांडीह ग्वाला बस्ती निवासी सुरक्षा गार्ड राजेश शर्मा ने कदमा थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 15 सितंबर की रात करीब 10.30 बजे राजेश शर्मा और उनके सहयोगी मनोज कुमार गेट पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान मुकेश कुमार उर्फ लंकेश करीब छह-सात लोगों के साथ इनोवा कार से वहां पहुंचा।
आरोप है कि उसने तेज गति से कार चलाते हुए दोनों गार्डों को कुचलने का प्रयास किया। गेट पर लोहे का टेबल होने के कारण कार उससे टकरा गई। इससे दोनों गार्डों के हाथ-पैर में चोट आई और उनके मोबाइल फोन टूट गए।राजेश ने आरोप लगाया है कि इससे पहले 20 जुलाई की रात भी मुकेश कुमार ने साथियों के साथ शराब के नशे में गार्डों से मारपीट की थी। उस मामले की शिकायत कदमा थाना में की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, तब मुकेश ने माफी मांगते हुए दोबारा ऐसी घटना नहीं करने का आश्वासन दिया था और उसे पीआर बांड पर छोड़ा गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

