बर्मामाइंस सब स्टेशन डकैती कांड में पुलिस को अहम सुराग, चार हिरासत में
जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित बी-2 विद्युत सब स्टेशन में हथियारबंद बदमाशों ने गार्डों को बंधक बनाकर 2.50 लाख रुपये की सामग्री लूट ली। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनकी पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

जमशेदपुर। बर्मामाइंस स्थित बी-2 विद्युत सब स्टेशन में हथियारबंद बदमाशों द्वारा गार्डों को बंधक बनाकर लाखों की सामग्री लूटने के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। तकनीकी साक्ष्यों और गार्डों द्वारा दिए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।18 फरवरी की सुबह करीब 10.30 बजे 10-12 की संख्या में अपराधी सब्बल, सरिया, रिंच, प्लास और कटर जैसे हथियारों से लैस होकर परिसर में घुसे थे। उस समय ब्रेभो सिक्योरिटी के गार्ड रत्नेश मिश्रा और पवन तिवारी ड्यूटी पर तैनात थे। बदमाशों ने दोनों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और कॉपर क्वायल, एल्युमीनियम केबल, जीआई एलएमआर, एमएस एंगल, एलटी स्विच एवं एलटी ब्रास बार सहित करीब 2.50 लाख रुपये मूल्य की सामग्री लूटकर फरार हो गए थे।इस
संबंध में टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) के मैनेजर अजीत कुमार त्रिपाठी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच कर रही झारखंड पुलिस ने घटनास्थल का पुनः निरीक्षण किया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। सूत्रों के अनुसार, फुटेज में कुछ संदिग्धों की गतिविधियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों से गहन पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास और हाल के दिनों में क्षेत्र में उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। संभावना है कि पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान भी हो सकेगी।गौरतलब है कि इसी सब स्टेशन में 15 फरवरी की सुबह चोरी की घटना हुई थी, जिसमें तोड़फोड़ और आगजनी से कंपनी को लगभग 15 लाख रुपये की क्षति हुई थी। इसके अगले दिन 16 फरवरी को दो गार्डों के साथ मारपीट की घटना भी हुई थी। लगातार तीन दिनों तक हुई वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा और लूटी गई सामग्री की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इलाके में गश्ती भी बढ़ा दी गई है ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


