
कल होगा 65 हजार बच्चों के एडमिशन का फैसला
जमशेदपुर में निजी स्कूलों में बच्चों के दाखिले के लिए लॉटरी का रिजल्ट 17 जनवरी को घोषित किया जाएगा। करीब 65 हजार बच्चों के एडमिशन का फैसला होगा। स्कूलों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर 3085 आवेदन आए हैं। सभी स्कूलों में सीमित सीटें होने के कारण प्रवेश के लिए प्रतिस्पर्धा है।
शहर के टॉप निजी स्कूलों में बच्चों को दाखिला दिलाना हर अभिभावक का सपना होता है। यह सपना पूरा होगा या नहीं, इसका फैसला शनिवार को होगा। स्कूलों की प्रवेश कक्षा में नामांकन के लिए 17 जनवरी को लॉटरी का रिजल्ट निकाला जाएगा, जिसके आधार पर करीब 65 हजार बच्चों के एडमिशन पर फैसला होगा। रिजल्ट स्कूल के बाहर चस्पा किया जाएगा। वेबसाइट पर भी इसे अपलोड किया जाएगा। इस रिजल्ट के साथ अभिभावकों को यह पता चल पाएगा कि उन्हें कब नामांकन लेना है, कितनी फीस देनी होगी। गुरुवार को जमशेदपुर तीन स्कूलों में लॉटरी निकाली गई। इनमें लोयोला स्कूल, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट और हिलटॉप स्कूल शामिल रहे।
बता दें कि करीब 70 सीबीएसई तथा आइसीएसई स्कूलों में दाखिले के लिए लॉटरी कराई जाती है। जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के आंकड़े के मुताबिक जमशेदपुर में कुल 427 प्राइवेट स्कूलों का संचालन हो रहा है, लेकिन, सिर्फ 70 स्कूल ही ऐसे हैं, जहां एडमिशन लेने के लिए अभिभावकों की ओर से विशेष तौर पर फॉर्म की खरीदारी की जाती है। सभी 70 स्कूलों में प्रति स्कूल औसतन 150 सीटों पर एडमिशन होना है। इस तरह से नामांकन के लिए 10,500 सीटें हैं। हर स्कूल में करीब 800 से 1000 तक आवेदन आए हैं। स्कूलों में सीटें सीमित हैं, इसलिए प्रवेश के लिए मारामारी रहती है। नर्सरी और एलकेजी में एडमिशन के लिए अभिभावकों को अलग-अलग स्कूलों की गाइडलाइन का पालन करना होगा। कई स्कूलों में मेडिकल सर्टिफिकेट की भी जरूरत होगी। राज्य सरकार के नियमों के तहत निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित वर्ग के लिए सुरक्षित हैं। इन सीटों पर आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आरक्षित सीटों पर एडमिशन के लिए आए 3085 आवेदन इन स्कूलों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर एडमिशन की भी प्रक्रिया चल रही है। आरक्षित सीटों पर 10 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन लिया गया। जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, इस बार कुल 3085 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 30 दिसंबर तय थी। लेकिन, आय प्रमाण पत्र बनने में हो रही देर और अभिभावकों की सहूलियत के लिए आवेदन की अंतिम तिथि में बढ़ोतरी कर इसे 10 जनवरी तक किया गया। स्कूलों में आरक्षित श्रेणी के लिए कुल 1575 सीटें हैं। यानी एक सीट पर कम से कम दो दावेदार हैं। अब जमा फॉर्म की स्क्रूटनी होगी। स्क्रूटनी में फर्जी तरीके से बनाए गए सर्टिफिकेट वाले दावेदारों का फॉर्म को रद्द करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मार्च के पहले सप्ताह में लॉटरी होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




