एमजीएम अस्पताल में बिना एसी के ऑपरेशन, मरीजों की हालत खराब

हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
Follow us on Google News
share

एमजीएम अस्पताल में एसी खराब होने के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले तीन-चार दिनों से बिना एसी के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। इमरजेंसी वार्ड में भीषण गर्मी के कारण चार-चार पंखे लगाए गए हैं। ऑपरेशन थिएटर में भी गर्मी के कारण एक ऑपरेशन रद्द करना पड़ा।

एमजीएम अस्पताल में बिना एसी के ऑपरेशन, मरीजों की हालत खराब

एमजीएम अस्पताल में एसी खराब होने के कारण शनिवार को मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति ऐसी रही कि एक ऑपरेशन भी टालना पड़ा। पिछले तीन-चार दिनों से अस्पताल में यही हालात बने हुए हैं। यहां बिना एसी के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। अस्पताल का एयर कंडीशनिंग सिस्टम ठप हो गया है, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ रही है। इमरजेंसी वार्ड में एसी काम नहीं करने के कारण वहां चार-चार पंखे लगाए गए हैं। हॉल में केवल दो एसी लगे हैं। शाम को मिस्त्री ने आकर उन्हें ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मरीज पसीने से तरबतर नजर आए।

आपात वार्ड की स्थिति

डॉक्टर और नर्स किसी तरह सीलिंग फैन के सहारे काम कर रहे हैं, लेकिन बीच हॉल में स्ट्रेचर पर भर्ती 10 से अधिक मरीजों के लिए न तो एसी की व्यवस्था थी और न ही पर्याप्त पंखों की। केवल दिखावे के लिए कोनों में पंखे लगा दिए गए थे। इमरजेंसी वार्ड की स्थिति भी कुछ ऐसी ही थी। दीवार पर लगे पंखों के सहारे किसी तरह काम चलाया जा रहा था।

ऑपरेशन थिएटर की परेशानी

हालात यह हैं कि ऑपरेशन थिएटर में भी गर्मी के कारण डॉक्टरों और मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। सर्जरी विभाग में शनिवार को हर्निया का एक ऑपरेशन होना था, लेकिन उसे रद्द करना पड़ा। डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी के दौरान उन्हें कपड़े और प्लास्टिक से बने विशेष ड्रेस पहनने पड़ते हैं। एसी बंद रहने के कारण अत्यधिक गर्मी हो रही है, जिससे ऑपरेशन करना मुश्किल हो रहा है। अस्पताल के अन्य वार्डों में भी कई जगह एसी लगे हुए हैं, लेकिन वे भी काम नहीं कर रहे हैं। इससे मरीजों और अस्पताल कर्मियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सामान्य प्रश्न

एमजीएम अस्पताल में एसी खराब होने के कारण क्या हुआ?
एमजीएम अस्पताल में एसी खराब होने के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और एक ऑपरेशन रद्द करना पड़ा।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।