जनवरी में बिना हेलमेट वाले 17 की सड़क दुर्घटना में मौत
पिछले महीने हुई सड़क दुर्घटनाओं में 17 लोगों की जान हेलमेट न पहनने के कारण चली गई। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लापरवाह चालकों पर जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने की बात की गई। ड्रिंक एंड ड्राइव, तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने को भी हादसों के कारण बताया गया।

पिछले महीने में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 17 लोगों की जान सिर्फ इसलिए चली गई, क्योंकि वे बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहे थे। यातायात एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित बैठक में यह बात सामने आयी। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना चिंताजनक है। अधिकांश मौतें सीधे तौर पर चालकों की लापरवाही के कारण हुई। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और ड्रिंक एंड ड्राइव भी हादसों के प्रमुख कारण रहे हैं। दुर्घटना एवं मौत के कारणों की समीक्षा में लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों पर जुर्माना के साथ लाइसेंस रद्द करने का निर्देश दिया।
यात्री वाहनों पर ओवरलोडिंग एवं सड़क पर जहां-तहां रोक कर सवारी उतारने-चढ़ाने के मामले पर बस ऑनर की जिम्मेवारी तय करते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पुरानी गाड़ी एवं फिटनेस के बिना गाड़ियां सड़क पर न चलें, इसके लिए भी कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पूर्व से चिह्नित ब्लैक स्पॉट के अलावा अन्य दुर्घटना स्थलों पर सुधारात्मक उपाय अपनाने को कहा गया। उपायुक्त ने स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच यातायात नियमों को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में उपायुक्त के अलावा डीएफओ सबा आलम अंसारी, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, रेल एसपी अजीत कुमार, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) राहुल आनंद, एडीसी संतोष गर्ग, डीटीओ धनंजय, घाटशिला एसडीएम सुनील चंद्र, ट्रैफिक डीएसपी श्रीनीरज, डीएसपी हेडक्वार्टर व अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


