बहुत भीड़ थी, फिर भी एक ही गेट खोला; रांची के स्टेडियम में क्यों मची भगदड़
झारखंड टी20 प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान राजधानी रांची के धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार देर शाम भारी अव्यवस्था देखने को मिली। मुकाबले में प्रवेश निशुल्क रखा गया था। इसी कारण उम्मीद से कहीं ज्यादा संख्या में लोग मैच का मजा लेने स्टेडियम पहुंच गए थे।

झारखंड की राजधानी रांची के JSCA क्रिकेट स्टेडियम के बाहर मंगलवार को भगदड़ मचने से करीब 5 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना स्टेडियम के पश्चिमी मुख्य द्वार पर उस वक्त हुई, जब वहां बड़ी संख्या में लोग झारखंड टी20 प्रीमियर लीग का फाइनल मैच देखने के लिए स्टेडियम के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच भीड़ बेकाबू होने की वजह से वहां भगदड़ मच गई। घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने इस भगदड़ के लिए JSCA व आयोजकों की अव्यवस्था को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने बताया कि भारी भीड़ के बावजूद सिर्फ एक या दो गेट से एंट्री दी जा रही थी। साथ ही भीड़ को संभालने के लिए कोई इंतजाम नहीं थे।
भगदड़ के समय घटनास्थल पर मौजूद एक शख्स ने हालात की जानकारी देते हुए बताया कि 'वहां इंतजाम बहुत खराब थे। जब पता था कि फाइनल मैच है तो केवल दो ही गेट ही खोलने का क्या मतलब था, सभी गेट खोले जाने चाहिए थे। आम जनता को बहुत परेशानी हुई। कई लोग कूद-फांदकर अंदर जाने लगे थे। ऐसे में भारी भीड़ को देखने के बाद प्रशासन ने फिर कुछ और गेट खुलवाए, तब जाकर आम जनता को एंट्री मिली।' वैसे इस शख्स ने दो गेट खुले होने की बात बताई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि एक ही गेट से एंट्री दी जा रही थी, इस वजह से कुछ देर के लिए भगदड
'फाइनल मैच की तरह व्यवस्था करना थी'
आगे उस शख्स ने कहा, 'पब्लिक भारी संख्या में आएगी तो दिक्कत होगी ही ना, और जब आपको पता है कि फाइनल मैच है तो उस तरह की व्यवस्था भी करना चाहिए थी। लेकिन यहां वैसी व्यवस्था नहीं था, आयोजकों ने इसे बहुत हल्के में लिया, उन्हें लगा कि इतनी ज्यादा भीड़ नहीं आएगी। इसी वजह से उन्होंने कुछ खास इंतजाम नहीं किए और ये घटना हो गई।'
'मेरे दोस्त की जेब से 10 हजार रुपए चुरा लिए'
एक अन्य चश्मदीद ने इंतजामों की शिकायत करते हुए कहा, 'यहां पर व्यवस्था बहुत खराब है, इतनी भारी भीड़ थी, लेकिन भीड़ को संभालने के लिए कोई व्यवस्था ही नहीं थी यहां। JSCA का सिस्टम बहुत बेकार है। कोई मतलब नहीं है, किसी का फोन चोरी हो गया, किसी का चप्पल टूट रहा है तो कहीं कोई भाग रहा है, कोई कहीं से कूद रहा है। इतनी भीड़ है यहां, उनकी कोई व्यवस्था ही नहीं है, लोगों को संभालने के लिए।हमारा दोस्त था, कोई भीड़ का फायदा उठाकर उसके जेब से 10 हजार रुपए निकाल लिया। किसी का फोन चोरी हो गया। JSCA की पूरी व्यवस्था बहुत बेकार है।'
SSP बोले- सिर्फ एक ही गेट से दे रहे थे एंट्री
उधर रांची के SSP राकेश रंजन ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, 'आम लोगों की एंट्री के लिए यहां केवल एक गेट ही खोला गया था, जिसकी वजह से आज भीड़ अचानक काफी ज्यादा बढ़ गई, उधर एंट्री के समय सुरक्षा जांच की धीमी गति के कारण भी बाहर मौजूद पब्लिक का प्रेशन काफी ज्यादा बढ़ गया, और थोड़ी देर के लिए भीड़ अनियंत्रित हो गई थी, लेकिन हम लोगों ने यहां पर आकर स्थिति को संभाल लिया। कुछ लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अभी चल रहा है। जहां तक मेरी जानकारी है, 4 से 5 लोगों को चोट लगी है, जिनका इलाज अभी चल रहा है। वर्तमान में स्थिति शांतिपूर्ण है और पूरी तरीके से नियंत्रण में है।'
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


