
झारखंड में बेटे ने बुजुर्ग पिता पर बरसाईं लाठियां, क्या वजह? हत्या करके हुआ फरार
यहां शनिवार की दोपहर करीब चार बजे पारिवारिक विवाद में मारवाड़ी महली ने अपने 70 वर्षीय पिता कृष्णा महली की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पुत्र मौके से फरार हो गया।
झारखंड से बेटे द्वारा बुजुर्ग पिता की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना पालकोट थाना क्षेत्र के टेंगरिया खिजुर टोली गांव की है। यहां शनिवार की दोपहर करीब चार बजे पारिवारिक विवाद में मारवाड़ी महली ने अपने 70 वर्षीय पिता कृष्णा महली की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पुत्र मौके से फरार हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि विवाद की शुरुआत सरकारी राशन के वितरण को लेकर हुई। पिता और पुत्र के बीच कहासुनी धीरे-धीरे बढ़ी और हाथापाई तक पहुंच गई। गुस्से में पुत्र ने पास रखी लाठी उठाकर अपने पिता पर ताबड़ तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण कृष्णा महली की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।परिजन और ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते आरोपी पुत्र वहां से फरार हो चुका था।
घटना की सूचना तुरंत पालकोट थाना को दी गई। सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई रामचन्द्र यादव और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आस पास के लोगों से जानकारी जुटाना शुरू किया और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में पहले भी छोटे-मोटे झगड़े होते रहते थे, लेकिन इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि उसने हत्या का रूप ले लिया। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।





