
प. सिंहभूम में IED विस्फोट, इंस्पेक्टर-SI समेत तीन घायल; कॉन्स्टेबल शहीद
पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा के जराईकेला थाना क्षेत्र के समठा में शुक्रवार शाम नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ इंस्पेक्टर और एक एसआई समेत तीन घायल हो गये।
प. सिंहभूम के सारंडा के जराईकेला थाना क्षेत्र के समठा में शुक्रवार शाम नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ इंस्पेक्टर और एक एसआई समेत तीन घायल हो गये। घायल सीआरपीएफ 60 बटालियन के इंस्पेक्टर को राउरकेला अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में कॉन्स्टेबल महेंद्र लश्कर शहीद हो गए हैं।

दूसरी ओर, नक्सलियों ने सारंडा के बीहड़ राटामाटी इलाकों में भी एक पुलिया को आईईडी लगा उड़ा दिया। हालांकि, इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उड़ाईगुरुगाड़ा जंगल के पास हुई घटना के बाद जवानों ने सर्च तेज कर दिया है।
शुक्रवार की शाम में जिला पुलिस, सीआरपीएफ समेत अन्य सुरक्षाबलों के जवान सारंडा के बीहड़ समठा, बाबूडेरा, उड़ाईगुरुगाड़ा समेत आसपास के में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान उड़ाईगुरुगाड़ा में नक्सलियों द्वारा पहले से प्लांट आईईडी विस्फोट में इंसपेक्टर कौशल कुमार मिश्रा (58 वर्ष) घायल हो गये। यह देख एसआई रामचंद्र गोगई और हेड कांस्टेबल लस्कर उन्हें रेस्क्यू करने पहुंचे, तभी दूसरा आईईडी विस्फोट हो गया। वे दोनों भी घायल हो गये थे। हेड कांस्टेबल महेंद्र लस्कर की मौत। राउरकेला के अस्पताल में निधन। असम के रहने वाले थे महेंद्र।
घायल इंस्पेक्टर को अस्पताल में कराया गया भर्ती
आईईडी विस्फोट की सूचना मिलते ही झारखंड और ओडिशा पुलिस हरकत में आयी और झारखंड के मनोहरपुर और ओडिशा के बिसरा अस्पताल से तुरंत एमबुलेंस को मौके पर भेजा। घायल इंसपेक्टर कौशल कुमार मिश्रा को तत्काल राउरकेला अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, अन्य घायलों को भी घटनास्थल से राउरकेला अपोलो अस्पताल ले जाने की तैयारी चल रही है।
नक्सलियों का चल रहा है प्रतिरोध सप्ताह
नक्सलियों ने मुठभेड़ में मारे गये नक्सलियों के विरोध में आठ अक्तूबर से 14 अक्तूबर तक प्रतिरोध सप्ताह मनाने का एलान किया है। वहीं, 15 अक्तूबर को झारखंड, बिहार, उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और असम बंद का आह्वान किया है। नक्सलियों के बंद के मद्देनजर सुरक्षाबलों द्वारा जंगल इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प. सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने कहा कि सारंडा में सुरक्षाबलों द्वारा चलाये जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान दो आईईडी ब्लास्ट हुआ है। इसमें सुरक्षाबल के अधिकारी समेत तीन घायल हैं। जिला पुलिस व सुरक्षाबल की टीम सभी घायलों को इलाज के लिए राउरकेला व अन्य जगहों पर ले जाने में जुटी हुई है।





