हेमंत सोरेन आज पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा, शपथ लेने की संभावना किस दिन

Nov 24, 2024 06:49 am ISTDevesh Mishra लाइव हिन्दुस्तान, रांची, हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

  • 'इंडिया' गठबंधन की प्रचंड जीत के बाद हेमंत सोरेन रविवार को राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके बाद वे जल्द ही शपथ भी लेंगे। संभावना है कि हेमंत 26 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

हेमंत सोरेन आज पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा, शपथ लेने की संभावना किस दिन

'इंडिया' गठबंधन की प्रचंड जीत के बाद हेमंत सोरेन रविवार को राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके बाद वे जल्द ही शपथ भी लेंगे। संभावना है कि हेमंत 26 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर इंडिया गठबंधन के सभी नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक होगी। झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय की ओर से यह बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में हेमंत सोरेन को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। राज भवन से समय मिलने पर संभावना जताई जा रही है कि हेमंत सोरेन 26 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सीएम आवास पर इंडिया गठबंधन के विधायकों की बैठक से पहले कांग्रेस विधायकों की बैठक भी होगी, जिसमें नई सरकार के स्वरूप और आकार पर विमर्श किया जाएगा।

झारखंड जीता... जनता का हार्दिक आभार, जोहार: हेमंत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव में मिली जबरदस्त सफलता के लिए राज्य के लोगों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की ऐतिहासिक जीत में झारखंड जीत गया है। झारखंड की जनता का हार्दिक आभार और जोहार। इस ऐतिहासिक अवसर पर समस्त राज्यवासियों को अनेक-अनेक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। बाबा दिशोम गुरुजी और मां का संघर्ष और आशीर्वाद हमारी ताकत है। अब और मजबूती के साथ झारखंड के हक-अधिकार के लिए काम होगा। जय झारखंड। जय-जय झारखंड।

सीएम रविवार को अपने आवास में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। प्रचंड जीत से उत्साहित हेमंत ने कहा, इंडिया गठबंधन की एनडीए से लड़ाई में आधी आबादी से लेकर नौजवानों, पुरुषों, किसानों और मजदूरों ने उनका साथ दिया है। सभी जाति-धर्म के लोगों ने मताधिकार का उपयोग किया। लोकतंत्र के महापर्व में सभी उत्साह के साथ शामिल हुए। लोकतंत्र में सबकी अहम भूमिका है। इसकी ताकत को लोगों ने जन-जन तक पहुंचाया है। अब आगे की कार्रवाई करेंगे।

सीएम सोरेन ने कहा कि चुनाव कठिन होने का आभास था। सरकार की मंईयां सम्मान योजना का भी लाभ मिला है। भाजपा द्वारा उठाए गए मुद्दों के संदर्भ में सीएम ने कहा कि उन्होंने लोगों को विकास कार्यों के बारे में बताया। भाजपा के हर सवाल का जवाब दिया। लोगों ने भरोसा दिखाया। हेमंत ने गठबंधन के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि हम दो तिहाई बहुमत से भी आगे हैं। पहली बार ऐसा चुनाव हुआ है। लोकतंत्र की परीक्षा को हमने सफलता से पास किया। इस दौरान प्रधानमंत्री को उन्होंने उनके बधाई संदेश के लिए धन्यवाद दिया।

Devesh Mishra

लेखक के बारे में

Devesh Mishra
देवेश मिश्रा लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। साल 2022 में उन्होंने यहीं से बतौर ट्रेनी अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। उन्हें वायरल और यूनिक खबरों में विशेष दिलचस्पी रहती है। खबर लिखने के साथ-साथ वीडियो और पॉडकास्ट बनाने में भी मन रमता है। देवेश को डिबेट का शौक है। इसके लिए उन्हें दर्जनों बार गोल्ड मेडल भी मिल चुका है। समय मिलने पर साहित्य की शरण में जाना पसंद करते हैं। कीबोर्ड के बाद अब हारमोनियम पर उंगलियां सेट कर रहे हैं। और पढ़ें