| लाइव हिन्दुस्तान | Fri, 26 Aug 2022 02:25 PM
हमें फॉलो करें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कुर्सी पर संकट के बादल गहरा गए हैं। चुनाव आयोग (ईसीआई) ने मुख्यमंत्री सोरेन को जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 9 (ए) के तहत दोषी मानते हुए उन्हें विधायक के पद से अयोग्य किए जाने का मंतव्य राज्यपाल रमेश बैस को सौंप दिया है। अब आखिरी फैसला राज्यपाल के हाथ में है। राजभवन के फैसले पर सभी की निगाहे हैं। माना जा रहा है कि राज्यपाल आज सीएम सोरेन को नोटिस जारी कर सकते हैं। सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर विधायक दल की बैठक बुलाई जो अब खत्म हो गई है। इसके बाद सीएम नेतरहाट के लिए रवाना हो गए हैं। शाम सात बजे एक बार फिर विधायकों की बैठक बुलाई गई है। बैठक खत्म होने के बाद महागठबंधन ने कहा है कि हम सभी एकजुट हैं। यहां पढ़ें इससे जुड़े सभी अपडेट्स-
26 Aug 2022, 02:25:34 PM IST
बीजेपी का हथियार है रिसोर्ट पॉलिटिक्स
झामुमो विधायक विकास मुंडा ने कहा कि हमारे पास पूर्ण बहुमत है। किसे ज्यादा चिंता हो रही है यह साफ दिख रहा है। हम सभी विधायक यहीं हैं। ख्यालों में बहुत सी चीजें चल रही हैं। रिसोर्ट पॉलिटिक्स बीजेपी का हथियार है। हमें इसकी जरूरत नहीं है।
26 Aug 2022, 02:20:15 PM IST
काम की गति में कोई कमी नहीं आएगी
महागठबंधन विधायक दल की बैठक के बाद एक विधायक ने सीएम हाउस से बाहर आकर कहा कि हम काम करते रहेंगे। हमारे काम की गति में कोई कमी नहीं होगी। हमारी जो प्राथमिकताएं हैं, कैबिनेट से जो योजनाएं मंजूर हुई है उसी आलोक में हम आगे बढ़ते जाएंगे। सरकार को, जनता को परेशान करने की कोशिश की जा रही है। एक समय आएगा जब उनके पास कोई मुद्दे नहीं होंगे।
26 Aug 2022, 02:10:16 PM IST
नेतरहाट रवाना हुए सीएम हेमंत सोरेन
यूपीए विधायकों की बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री नेतरहाट रवाना हो गए हैं। शाम को सात बजे फिर विधायकों की बैठक होगी। सभी विधायकों को रात्रिभोज में शामिल होने के लिए कहा गया है। राजभवन के फैसले के बाद आगे की रणनीति तय होगी। सीएम शाम तक रांची लौट आएंगे।
26 Aug 2022, 02:00:45 PM IST
आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं सोरेन
हेमंत सोरेन के करीबी लोगों का कहना है कि सीएम आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं। सीएम कार्यालय के एक सूत्र ने कहा, 'वे मानसिक रूप से तैयार हैं। यदि फैसला उनके खिलाफ आता है और उन्हें अयोग्य (एक विधायक के रूप में) घोषित किया जाता है, तो वह फिर से निर्वाचित होने तक (छह महीने के भीतर बरहेट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में) सरकार का चेहरा (कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में) बने रहेंगे। यदि उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगती है तो किसी नए चेहरे को मौका दिया जाएगा। लेकिन, इतना तय है कि हम कोर्ट का रुख करेंगे।'
26 Aug 2022, 01:51:11 PM IST
भाभी को दे सकते हैं कुर्सी
हेमंत सोरेन अपनी जगह भाभी सीता सोरेन को मुख्यमंत्री बना सकते हैं। सीता जामा से झामुमो विधायक हैं। हालांकि कई बार उनके बगावती तेवर भी देखने को मिले हैं।
26 Aug 2022, 01:38:40 PM IST
हमें अपने विधायकों पर पूरा भरोसा है
कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने कहा कि हमें अपने विधायकों पर पूरा भरोसा है, वे सभी रांची में रहेंगे। वहीं बन्ना गुप्ता ने कहा, 'हमारा गठबंधन मजबूती से खड़ा है। हम आज शाम को फिर मिलेंगे।'
26 Aug 2022, 01:31:01 PM IST
सोरेन ने विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता की
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची में अपने आवास पर सत्तारूढ़ दल के मंत्रियों और विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता की।
26 Aug 2022, 01:23:22 PM IST
बीजेपी बुलाएगी विधायक दल की बैठक
बीजेपी भी आज विधायक दल की बैठक करने की तैयारी में है। राज्य के ताजा राजनीतिक हालात पर पार्टी के नेता चर्चा करेंगे।
26 Aug 2022, 01:17:10 PM IST
हम लोग डरने वालों में से नहीं हैं
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा, हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पूरी तरह एकजुटता के साथ खड़ी है। जिस तरह की राजनीति की जा रही है, हम लोग उसके खिलाफ लड़ेंगे। हम लोग बंगाल या छत्तीसगढ़ क्यों जाएंगे। हम लोग डरने वालों में से नहीं हैं। रांची में रहेंगे तमाम समस्याओं का सामना कर रास्ता निकालेंगे।
26 Aug 2022, 01:12:52 PM IST
रांची में ही रहेंगे सभी विधायक
बैठक से बाहर निकलकर मीडियाकर्मियों से बातचीत में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने बताया कि राज्य में अगर जरूरत पड़ेगी तो बंगाल में रह रहे हमारे तीन विधायकों को भी रांची बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने राज्यपाल को जो रिपोर्ट भेजी है, उसका कोई नोटिस नहीं मिला है। राजभवन से निर्देश आने के बाद निर्णय होगा। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के किए ट्वीट पर 'रिसोर्ट पॉलिटिक्स' को लेकर पूछे सवाल पर आलमगीर ने कहा कि सभी विधायक एकजुट हैं। हमें अपने विधायकों को कहीं ले जाने की जरूरत नहीं है। सभी विधायकों को रांची में ही रहने का निर्देश दिया गया है। कांग्रेस का कोई विधायक छत्तीसगढ़ या दूसरी जगह नहीं जाएगा।
26 Aug 2022, 01:04:25 PM IST
छत्तीसगढ़ या दूसरी जगह नहीं जाएगा कोई विधायक
सीएम आवास पर चल रही महागठबंधन विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है। सभी विधायक एक-एक कर मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकल रहे हैं। मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि राजभवन से निर्देश आने के बाद निर्णय होगा। कांग्रेस का कोई विधायक छत्तीसगढ़ या दूसरी जगह नहीं जाएगा। सभी को रांची में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।
26 Aug 2022, 12:59:07 PM IST
सोरेन सरकार के पास है 50 से ज्यादा विधायकों का समर्थन
झामुमो नेता विनोद पांडे ने मीडिया के सामने आकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हम सभी विधायकों से सीधा संवाद कर रहे हैं। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चलने वाली सरकार को 50 से ज्यादा विधायकों का समर्थन प्राप्त है। ऐसे में संख्याबल की बात करना मेरी समझ से बाहर है। हम बीजेपी से नहीं डरते हैं। उन्होंने रिजॉर्ट पॉलिटिक्स पर कहा कि हम लोग इसके बारे में अभी जानते नहीं हैं। हम लोग आगे इसपर विचार करेंगे। फिलहाल राज्यपाल से कोई सूचना नहीं मिली है।
26 Aug 2022, 12:52:55 PM IST
विधायक दल की बैठक में पहुंचे झामुमो, कांग्रेस और राजद विधायक
झारखंड में शुरू हुए सियासी घमासान को लेकर सुबह 11 बजे महागठबंधन विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर शुरू हुई। इसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक शामिल हुए।
26 Aug 2022, 12:47:43 PM IST
सीएम के खिलाफ उठी हैं कई आवाज
बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, 'कांग्रेस और झामुमो दोनों ही जानते हैं कि जब भी उनके विधायकों की वफादारी की बात आती है तो वे मुश्किल में आ जाते हैं। झामुमो में संथाल परगना के कई मौजूदा विधायक लंबे समय से खुलेआम पार्टी के खिलाफ बयान दे चुके हैं। ऐसा ही हाल कांग्रेस का भी है। खुद सीएम के खिलाफ कई आवाज उठी हैं। झामुमो में कई लोग उन्हें अपना नेता तक मानने को तैयार नहीं हैं। इसलिए हम अभी वेट एंड वॉच मोड में हैं।'
26 Aug 2022, 12:38:25 PM IST
कैश कांड में पकड़े गए थे कांग्रेस के तीन विधायक
महीने की शुरुआत में कांग्रेस के तीन विधायक- इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगाड़ी को पश्चिम बंगाल पुलिस ने हावड़ा से गिरफ्तार किया था। उनकी कार से 49 लाख रुपए नकद बरामद हुए थे। एक अन्य कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर सरकार को गिराने की कोशिश की जा रही है।
26 Aug 2022, 12:33:03 PM IST
बीजेपी रच रही सरकार को अस्थिर करने की साजिश
झामुमो नेता ने भाजपा पर सरकार को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग से खनन पट्टा विवाद पर चुनाव आयोग के फैसले से पहले बीजेपी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया। पार्टी नेता ने कहा कि मुझे आश्चर्य है कि चुनाव आयोग ने सांसद (निशिकांत दुबे) सहित कुछ बीजेपी नेताओं की कार्रवाई की निंदा क्यों नहीं की, जिन्होंने आयोग की संभावित सिफारिश को लेकर ट्वीट किया था।
26 Aug 2022, 12:27:42 PM IST
हम विकल्पों पर चर्चा नहीं कर रहे
यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी नेतृत्व किसी ऐसे वैकल्पिक चेहरे पर विचार कर रहा है जो हेमंत सोरेन के अयोग्य ठहराए जाने पर सरकार का नेतृत्व करेगा तो झामुमो नेता सुप्रिया ने कहा, 'हम विकल्पों पर चर्चा भी नहीं कर रहे हैं क्योंकि हेमंत सोरेन का एक ही विकल्प है और वह है हेमंत सोरेन। वह भविष्य में भी सीएम और हमारे नेता बने रहेंगे।'
26 Aug 2022, 12:24:14 PM IST
हमारे पास है 3.5 करोड़ लोगों का समर्थन
झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, 'हमें इस राज्य के 3.5 करोड़ लोगों के समर्थन पर विश्वास है जिन्होंने हमें पांच साल के लिए जनादेश दिया है। भाजपा द्वारा प्रचारित साजिश के सिद्धांतों और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के बावजूद हमारी सरकार पर कोई खतरा नहीं है।'
26 Aug 2022, 12:19:21 PM IST
बैठक में पहुंचे कई मंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आवास पर यूपीए विधायकों की बैठक बुलाई है। इसमें मंत्रिमंडल के सहयोगी विधायक, सांसद और वरिष्ठ नेता पहुंचे हैं। इससे पहले सभी झामुमो विधायकों और सांसदों को बुलाया गया था।
26 Aug 2022, 12:12:49 PM IST
दाऊद इब्राहिम को भी सीएम बना सकते हैं
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे से जब पूछा गया कि विधायकी खत्म होने पर सोरेन किसे सीएम बना सकते हैं तो उन्होंने जवाब में कहा कि वो किसी को भी, दाउद इब्राहिम को सीएम बना सकते हैं। एके47 वाले प्रेम प्रकाश को भी सीएम बना सकते हैं। उनकी अपनी मर्जी है। जिसे सीएम बनाना चाहते हैं उसे सीएम बना दें। ये राज्यपाल और उनके बीच का मामला है। मेरा मानना है कि अगर भ्रष्टाचार के मामले में आपकी सदस्यता गई है तो आपको मध्यावधि चुनाव में जाना चाहिए।