हजारीबाग: हाथी के हमले में दो दिन के भीतर दो किसानों की मौत

Jan 09, 2026 05:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हजारीबाग
share Share
Follow Us on

हजारीबाग जिले में जंगली हाथी का आतंक जारी है। कटकमदाग प्रखंड के बनहा गांव में एक किसान गणेश गोप की हाथी के हमले में मौत हो गई। यह घटना सुबह 5:15 बजे हुई। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि विधायक ने सुरक्षा के लिए ठोस उपायों की मांग की।

हजारीबाग: हाथी के हमले में दो दिन के भीतर दो किसानों की मौत

कटकमसांडी (हजारीबाग), निज प्रतिनिधि। हजारीबाग जिले में जंगली हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार दूसरे दिन हाथी के हमले में एक और किसान की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह कटकमदाग प्रखंड के बनहा गांव में जंगली हाथी ने किसान गणेश गोप को कुचलकर मार डाला। इस घटना से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। शहर मुख्यालय से महज पांच किलोमीटर दूर स्थित बनहा गांव के बर मुहल्ला तालाब के पास यह घटना सुबह करीब 5:15 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस वक्त घना कोहरा छाया हुआ था। गणेश गोप किसी काम से तालाब की ओर गए थे, तभी जंगल से भटककर पहुंचे जंगली हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल गणेश गोप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से इलाके में हाथियों का झुंड घूम रहा है और इसकी जानकारी बार-बार वन विभाग को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे पहले गुरुवार को सदर प्रखंड के चुटियारो गांव में भी हाथी के हमले में किसान आदित्य राणा की मौत हो चुकी है। दो दिनों में दो किसानों की मौत ने मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सदर विधायक प्रदीप प्रसाद मौके पर पहुंचे और गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने वन विभाग पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लगातार हो रही मौतें यह साबित करती हैं कि विभाग पूरी तरह विफल और लापरवाह है। उन्होंने कहा कि वन विभाग एक ओर ग्रामीणों को छोटे मामलों में परेशान करता है, दूसरी ओर जनसुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर विभाग की भूमिका निष्क्रिय है। विधायक ने मांग की कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल नियमित गश्ती व्यवस्था, पूर्व चेतावनी प्रणाली, निगरानी तंत्र और ग्रामीणों को सतर्क करने की ठोस कार्ययोजना लागू की जाए। साथ ही मृतकों के परिजनों को अविलंब नियमानुसार मुआवजा देने की भी मांग की। इधर, हजारीबाग प्रक्षेत्र के वन क्षेत्र पदाधिकारी सतेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक के परिजनों को दाह संस्कार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता दी जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;