होलंग के जंगल में लगी आग, ग्रामीणों ने बुझाई आग , वन विभाग रहा नदारद
टाटीझरिया प्रखंड के होलंग के सियारी जंगल में ग्रामीणों ने भीषण आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग की उदासीनता पर आक्रोश जताया, क्योंकि सूचना देने के बावजूद कोई कर्मचारी मौके पर नहीं आया। पारंपरिक संसाधनों से आग बुझाने में ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाई। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की मांग की।

टाटीझरिया प्रतिनिधि । टाटीझरिया प्रखंड अंतर्गत होलंग के सियारी जंगल में अचानक लगी भीषण आग को ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ और सामूहिक एकजुटता से बुझा दिया। इस दौरान वन विभाग की कथित उदासीनता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी विभाग का कोई कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। जंगल में आग फैलती देख होलंग के ग्रामीण तेजी से एकजुट हुए। आग की लपटें तेजी से बढ़ रही थीं, जिससे वन्य संपदा को भारी नुकसान होने का खतरा था। ग्रामीणों ने पारंपरिक संसाधन जैसे पेडो़ की टहनियों और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस अभियान में मुख्य रूप से सुजीत वर्णवाल, सावित्री देवी, मीना देवी, कलावती देवी, गीता देवी, सुमित्रा देवी, वीणा देवी, पार्वती देवी, अम्बिया देवी, विनिता देवी, डेगनी मोसमात, सोमरी देवी, प्रकाश महतो, मनोज कुमार सहित दर्जनों लोग शामिल थे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि विभाग को सचेत किया गया था ताकि समय रहते आग पर नियंत्रण पाया जा सके, लेकिन विभाग की ओर से कोई पहल नहीं की गई। अगर हम ग्रामीण आगे नहीं आते, तो पूरा जंगल जलकर खाक हो जाता। ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि हर साल गर्मी के मौसम में जंगल में आग लगने की घटनाएं होती हैं, जिससे छोटे वन्य जीव मर जाते हैं और बेशकीमती वन संपदा राख हो जाती है। वन विभाग की इस शिथिलता के कारण स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों में गहरा असंतोष है। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए विभाग मुस्तैद रहे और आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


