
विभावि बना पूर्वी क्षेत्र युवा महोत्सव का उपविजेता
हजारीबाग के विभावि ने ओडिशा के बालासोर में आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय युवा महोत्सव 2025-26 में उपविजेता बनने का खिताब जीता। प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें नाट्य विधा में पहला और साहित्यिक विधा में तीसरा स्थान हासिल किया। कुल 60 सदस्यों की टीम ने महोत्सव में भाग लिया।
हजारीबाग, शिक्षा प्रतिनिधि। विभावि ने आल इंडिया यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय युवा महोत्सव 2025-26 का उपविजेता बना। उक्त प्रतियोगिता उड़ीसा के बालासोर स्थित फकीर मोहन विश्वविद्यालय की मेजबानी में 29 से 31 जनवरी तक आयोजित किया गया था। इस 39वीं पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय युवा महोत्सव में विभावि के प्रतिभागियों ने अपने हुनर का जमकर जलवा बिखरा और धमाकेदार प्रस्तुति कर द्वितीय स्थान हासिल किया। साथ ही उपविजेता का खिताब जीत लिया है। इसकी आशय की जानकारी देते हुए विवि दल के प्रबंधक डॉ जॉनी रुफिना तिर्की एवं अर्चना रीना धान ने बताया कि विभिन्न स्पर्धाओं यथा नाट्य विधा में ओवरऑल प्रथम, साहित्यिक विधा में ओवरऑल तृतीय के साथ-साथ वेस्टर्न वोकल सोलो, एकांकी एवं हिंदी वाद-विवाद में प्रथम स्थान जीतकर खूब वाहवाही लूटी।
इसी प्रकार वेस्टर्न ग्रुप सॉन्ग, हिंदी भाषण व रंगोली में विभावि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। क्रिएटिव कोरियोग्राफी, स्किट तथा माइम में तृतीय स्थान प्राप्त किया। कहा कि प्रतिभागियों ने उम्दा प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक शोभायात्रा, वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंटल, जनजातीय लोक नृत्य, अंग्रेजी भाषण, मिमिक्री तथा चित्रांकन प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी, फोल्क आरकेस्ट्रा और पोस्टर मेकिंग में पंचम स्थान मिला। बताते चलें कि विभावि दल में कुल 60 सदस्य शामिल थे। जिसमें विभावि के स्नातकोत्तर विभागों के अलावे यूसेट, केबी महिला , संत कोलंबा , अन्नदा महाविद्यालय, मार्खम, आदर्श कॉलेज राजधनवार, आरके महिला कॉलेज गिरिडीह, सरिया कॉलेज तथा स्वामी धर्मबंधु बीएड कॉलेज के प्रतिभागी शामिल थे। गत युवा महोत्सव में विभावि पूर्वी क्षेत्र युवा महोत्सव का चैंपियनशिप का खिताब जीता था। रविवार को सुबह विश्वविद्यालय लौटने पर दल का स्वागत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा एवं छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष डॉ विकास कुमार ने किया और प्रतिभागियों का हौसला अफजाई की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




