भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर हजारीबाग में भावभीनी श्रद्धांजलि
हजारीबाग में भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपायुक्त हेमन्त सती ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन साहस और बलिदान का प्रतीक है। उनके उलगुलान आंदोलन ने ब्रिटिश सत्ता को चुनौती दी थी और उनके आदर्श आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं।

हजारीबाग, वरीय संवाददाता। स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को मंगलवार को उनकी पुण्यतिथि पर हजारीबाग में नमन किया गया। समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त हेमन्त सती ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और बलिदान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा चलाए गए उलगुलान आंदोलन ने ब्रिटिश सत्ता की नींव हिला दी थी।अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध उन्होंने जो अलख जगाई थी, वह आज भी जनजातीय समाज और सम्पूर्ण भारतवासियों के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है।
उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम के दौरान जिले के वरीय अधिकारियों ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रिया सिंह, नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार एवं सहायक नगर आयुक्त सहित जिले के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


