सड़क दुघर्टना में जीएम इंटर कॉलेज स्नातक की छात्रा की मौत ,भाई की हालत गंभीर
कटकमदाग प्रखंड में हुई सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय निशु कुमारी की मौत हो गई। रविवार को अपने भाई के साथ बाइक पर जाते समय एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी। गंभीर रूप से घायल दोनों को...

कटकमसांडी, प्रतिनिधि। कटकमदाग प्रखंड के हजारीबाग-सिमरिया मार्ग स्थित सुल्ताना के पास सड़क दुघर्टना में प्रखंड के अडरा गांव निवासी सरोज प्रजापति की 20 वर्षीय पुत्री निशु कुमारी की मौत इलाज के दौरान सोमवार को हो गई। रविवार को वह अपने गांव से भाई के साथ बाइक से हजारीबाग बाजार जा रही थी तभी एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने सुल्ताना गांव के पास उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना रविवार की है। बताया जाता है कि दुर्घटना में निशु और उनका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत श्रीनिवास हॉस्पिटल ले जाया गया।
जहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह निशु की मौत हो गई। निशु जीएम इंटर कॉलेज में स्नातक की छात्रा थीं। वहीं उनके भाई की हालत भी बेहद नाजुक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है। निशु कुमारी अडरा निवासी सरोज प्रजापति की पुत्री थीं और उनका ननिहाल कटकमदाग प्रखंड के ही बांका गांव में है। इस दुखद खबर से पूरे कटकमदाग प्रखंड क्षेत्र के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता कविंद्र यादव , सुनील यादव ने सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी को दी। जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने घटना पर गहरा शोक जताया और ईश्वर से मृत आत्मा के शांति की कामना की। वहीं घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनास्थल से पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद निशु के शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दौरान अस्पताल में सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, भाजपा नेता कविंद्र यादव, सुनील यादव, अनिल यादव, बालेश्वर प्रजापति, संतोष प्रजापति, विकास प्रजापति समेत कई ग्रामीण और परिजन मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




