अंगीठी बनी काल, कटकमदाग में दंपति की दम घुटने से दर्दनाक मौत
हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड में बानादाग गांव में एक दंपति की दम घुटने से मौत हो गई। गंगा प्रसाद और उनकी पत्नी रेणु देवी ने ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में कोयले की अंगीठी जलाई थी, जिससे कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से उनकी मौत हुई। यह घटना क्षेत्र में सावधानी बरतने की चेतावनी है।

कटकमसांडी (हजारीबाग)। हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत बानादाग गांव में गुरुवार रात एक हृदयविदारक हादसे में दंपति की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान गंगा प्रसाद (55) और उनकी पत्नी रेणु देवी (50) के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार गंगा प्रसाद और रेणु देवी रोज की तरह 8 जनवरी की रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। ठंड से बचने के लिए उन्होंने बंद कमरे में कोयले की अंगीठी जला ली। रातभर अंगीठी जलती रही, जिससे कमरे में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई और दोनों का दम घुट गया।
शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो घर में मौजूद बहू को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलते ही सास-ससुर को निढाल पड़ा देख वह घबरा गई और शोर मचाया। ग्रामीणों की मदद से प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी सत्येंद्र पासवान और प्रखंड विकास पदाधिकारी शिव बालक प्रसाद मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। बताया गया कि मृतक दंपति के दो बेटे और दो बेटियां हैं, सभी विवाहित हैं। वे गांव में रहकर खेती-बारी कर अपना जीवन यापन कर रहे थे। इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना कोई पहली नहीं है। क्षेत्र में पहले भी अंगीठी जलाकर बंद कमरे में सोने से कई लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद इसके लोग अब भी इस जानलेवा खतरे को नजरअंदाज कर रहे हैं। यह हादसा ठंड के मौसम में सावधानी बरतने की कड़ी चेतावनी है। बड़े बेटे, बहू और नागपुर (महाराष्ट्र) से बेटी-दामाद के पहुंचने के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। कोट यह घटना दुखद है। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना है हमारी। सरकारी नियमानुसार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। शिव बालक प्रसाद प्रखंड विकास पदाधिकारी कटकमदाग
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



