बड़कागांव के बादम गांव में भाजपा की बाइक रैली पर पथराव, दो घायल
प्रखंड के बादम गांव में भाजपा की मोटरसाइकिल रैली पर पथराव एवं रैली में शामिल कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की घटना शनिवार को अपराह्न घटी...

बड़कागांव। प्रतिनिधि
प्रखंड के बादम गांव में भाजपा की मोटरसाइकिल रैली पर पथराव एवं रैली में शामिल कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की घटना शनिवार को अपराह्न घटी है। मारपीट में दो भाजपा कार्यकर्ता विक्की राणा पिता स्वर्गीय विनय राणा ग्राम खरांटी एवं दिवाकर नायक पिता स्वर्गीय अशोक नायक ग्राम गोसाई बलिया घायल हो गए। घायलों को बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर कर दिया गया। इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी डॉ अविनाश कुमार ने बताया कि दिवाकर नायक बोलने में दिक्कत हो रही है। जबकि विक्की राणा को भी जबड़े एवं गर्दन में काफी चोटें लगी है। इस संबंध में दिवाकर नायक के बयान पर बड़कागांव थाना में तीन लोग मोहम्मद मोंटी पिता मोहम्मद मोतिउल्लाह, मोहम्मद नासीब पिता आसान खान, जिसान खान पिता हसन अली ग्राम बादम एवं 50 से 60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाने में शिकायत की गई है।
दिए गए आवेदन में कहा गया है कि नयाटांड़ मंगल बाजार से मोटरसाइकिल रैली निकालकर विभिन्न गांव होते हुए गोंदलपुरा गांव से वापसी के क्रम में बड़कागांव में दूसरे समुदाय के कुछ युवक नारा लगाए जाने पर आपत्ति जताते हुए रोक कर जाति सूचक बात करते हुए मारपीट करने लगे। जिससे मैं एवं विक्की राणा घायल हो गया। इसकी सूचना मिलते ही हजारीबाग लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल बड़कागांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस संबंध में उन्होंने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक एवं कायरता पूर्ण घटना है। हताश होकर इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। जायसवाल ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई करते हुए दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से कहा है कि यदि इस पर शिथिलता बरती गई तो इसका विरोध होगा। वहीं दूसरी ओर दूसरे गुट की ओर से भी आवेदन देने की तैयारी की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


