सब्जी बेच रही महिला पर गिरा बिजली का पोल, मौत
विष्णुगढ़ में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान ने एक गरीब महिला की जान ले ली। बनासो बाजार में सब्जी बेच रही सोहगी देवी पर बिजली का पोल गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने मुआवजा की मांग की, जिसके बाद विद्युत विभाग ने 25 हजार रुपये प्रदान किए।

विष्णुगढ़, प्रतिनिधि। विष्णुगढ़ प्रखंड में बुधवार को दोपहर बाद आए भीषण आंधी-तूफान ने एक गरीब परिवार की खुशियां उजाड़ दी। बनासो बाजार स्थित साप्ताहिक हाट में बिजली का पोल गिरने से सब्जी बेच रही एक महिला की मौके पर मौत हो गई। महिला की पहचान बकसपुरा निवासी सोहगी देवी पति गन्दौरी महतो के रूप में हुई। वह बकसपुरा पंचायत के मुखिया नन्हकू महतो की छोटी चाची थी और हाट-बाजार में अपनी आजीविका के लिए सब्जी बेचने का काम करती थी। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जाता है कि बनासो में प्रत्येक बुधवार को साप्ताहिक हाट लगता है।
उस हाट में महिला प्याज बेचने के लिए आई थी। दोपहर बाद अचानक आए तेज तूफान और मूसलाधार बारिश से बचने के लिए वह अपनी सब्जियों को समेट रही थी। इसी बीच आम के पेड़ की एक मोटी डाली टूटकर बिजली के तार पर गिर गई।जिसके तेज झटके से बिजली का सीमेंट पोल टूटकर सब्जी बेच रही महिला के उपर जा गिरा। सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस की टीम पहुंची और शव को उठाने का प्रयास किया पर परिजन एवं ग्रामीणों ने त्वरित मुआवजा की शर्त पर शव उठाने की मांग पर अड़े रहे। जानकारी पाकर विद्युत विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों को तत्काल 25 हजार रूपये सौंपा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सांसद मनीष जायसवाल एवं मांडू विधायक निर्मल महतो ने घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


