विश्व जनसंख्या दिवस पर गोष्ठी का आयोजन
विश्व जनसंख्या दिवस पर सामाजिक संस्था सागर भक्ति संगम के तत्वावधान में स्थानीय स्वर्ण जयंती पार्क में एक गोष्ठी का आयोजन किया...

हजारीबाग हमारे प्रतिनिधि
विश्व जनसंख्या दिवस पर सामाजिक संस्था सागर भक्ति संगम के तत्वावधान में स्थानीय स्वर्ण जयंती पार्क में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। संगम के सदस्यों ने विश्व के सभी देशों से अपील की है कि जनसंख्या नियंत्रण की दिशा में आवश्यक कदम उठाएं। आने वाले दो दशक में मनुष्य के उपयोग में आने वाले सभी आवश्यक संसाधन धीरे-धीरे कम हो जाएंगे। अध्यक्षता करते संगम के संयोजक विजय केसरी ने कहा कि विश्व की आबादी लगभग सात अरब छूने जा रही है। विश्व के सभी देश जनसंख्या नियंत्रण की दिशा में कार्यरत जरूर है, लेकिन आशा के अनुरूप परिणाम सामने नहीं आ रहे हैं। चीन, भारत सहित एशिया के कई देशों की जनसंख्या जिस तेजी से बढ़ रही है यह बेहद चिंता की बात है। यूरोप के देशों ने जनसंख्या नियंत्रण पर बहुत हद तक सफलता पाई है। विश्व जनसंख्या दिवस के पर हर एक जन को जनसंख्या नियंत्रण की दिशा में आवश्यक कदम उठाना चाहिए। जनसंख्या नियंत्रण बहुत जरूरी है। रिपोर्ट कार्यपालक अभियंता शंभू शरण सिंह ने कहा कि जनसंख्या पर नियंत्रण बहुत जरूरी है। बढ़ती जनसंख्या के कारण ही प्राकृतिक संसाधन कम होते चले जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पानी का जलस्तर भी नीचे चला जा रहा है। बढ़ती जनसंख्या के कारण ही बेरोजगारी की समस्या पूरे विश्व में छा गई है। इसलिए हर एक व्यक्ति को जनसंख्या नियंत्रण पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। कार्यक्रम में सुरेश होर्रा, सतीश होर्रा, अशोक प्रसाद, सुरेश मिस्त्री, संजय खत्री, पप्पू गुप्ता, योगेंदर प्रसाद गुप्ता, बालमुकुंद प्रसाद आदि ने भी अपने-अपने विचार रखे। सभा का संचालन संजय खत्री एवं धन्यवाद ज्ञापन पप्पू गुप्ता ने किया।
