
साईं मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, भंडारे में हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद
मकर संक्रांति के अवसर पर साईं परिवार हजारीबाग ने इन्द्रपुरी स्थित साईं मंदिर में भव्य भंडारे और भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा के अभिषेक और आरती से हुई। श्रद्धालुओं ने खिचड़ी और चटनी का प्रसाद ग्रहण किया। समूह ने मानवता का संदेश देते हुए बच्चों के बीच भी प्रसाद वितरित किया।
हजारीबाग प्रतिनिधि मकर संक्रांति के पावन अवसर पर साईं परिवार हजारीबाग ने शहर के इन्द्रपुरी स्थित साईं मंदिर में भव्य भंडारे और भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता को समर्पित इस आयोजन में साईं परिवार और साईं महिला मंडली के सदस्यों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार की अहले सुबह बाबा के भव्य अभिषेक और दिव्य मंगल आरती के साथ हुआ। मंदिर परिसर साईं राम के जयघोष से गुंजायमान रहा। मकर संक्रांति की परंपरा को निभाते हुए बाबा को चूड़ा, दही, तिलकुट, गुड़ और फलों का विशेष भोग लगाया गया। दोपहर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर खिचड़ी, चोखा और चटनी का प्रसाद ग्रहण किया।
संध्या आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच हलवा प्रसाद का वितरण कर दिनभर चले इस अनुष्ठान का समापन हुआ। साईं परिवार की सेवा भावना मंदिर की चौखट तक सीमित नहीं रही। मानवता और समरसता का संदेश देते हुए समूह द्वारा आर्ष कन्या गुरुकुल के बच्चों के बीच भी खिचड़ी, चिप्स और चोखा का प्रसाद पहुंचाया गया। बच्चों के चेहरे की मुस्कान ने इस आयोजन की सार्थकता को और बढ़ा दिया। विदित हो कि साईं परिवार, हजारीबाग केवल एक धार्मिक समूह नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का संवाहक है। समूह के सदस्यों ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य साईं भक्तों को एकजुट करना और समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना है। चाहे व्यक्तिगत सहयोग हो या सामूहिक सेवा कार्य, यह समूह लगातार सामाजिक जुड़ाव की दिशा में अग्रसर है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में साईं परिवार के सभी पुरुष एवं महिला सदस्यों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फोटो एके पी3 भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते भक्त एवं अन्य

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




