किशोर एवं युवा ड्रग्स की चपेट में, चिंतित अभिभावक और पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक
बरही और कोनरा के मोहल्लों में किशोर और युवा ड्रग्स के चंगुल में फंसते जा रहे हैं। नशे की समस्या को रोकने के लिए पंचायत कमेटी और ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में नशे की रोकथाम के लिए कमेटी बनाने और प्रशासन से सहयोग लेने का निर्णय लिया गया। अभिभावकों को बच्चों पर निगरानी रखने की सलाह दी गई।

बरही प्रतिनिधि। बरही एवं कोनरा के विभिन्न मोहल्लों के किशोर और युवा ड्रग्स की चपेट में आकर मानसिक रोगी बनते जा रहे हैं। ड्रग्स नशा के चंगुल में फंसे किशोर एवं युवा घर परिवार और समाज के लिए अभिशाप बनते जा रहे हैं। नशा को रोकने और नशामुक्त अभियान चलाने को लेकर रविवार को दरगाह मोहल्ला कोनरा में पंचायत कमेटी एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ दरगाह मोहल्ला के ग्रामीणों की बैठक हुई। अध्यक्षता दरगाह मोहल्ला पंचायत कमिटी के अध्यक्ष मो खुर्शीद और संचालन कोषाध्यक्ष मो अशफ़ाक ने किया। बैठक में युवाओं में ब्राउन शुगर, ड्रग्स, गांजा जैसे जानलेवा नशा के बढ़ते प्रकोप से मुक्ति को लेकर चर्चा की गई।
नशे की रोकथाम के लिए एक कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया जो नशा करने वालों पर नकेल कसने का काम करेगा। इसके लिए प्रशासन से भी सहयोग लेने और लगातार नशा मुक्ति अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। कोनरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो ताजुद्दीन ने कहा कि ड्रग्स का लत तेजी से उनके किशोर बच्चे और युवाओं में फैल रहा है। इसे रोकना जरूरी हो गया है, वरना आने वाले दिनों में इसके बहुत दुखद परिणाम होंगे। पंसस प्रतिनिधि मो सगीर ने कहा कि नशा के कारण घरेलू हिंसा बढ़ रही है। अभिभावक लोग परेशान हैं। नशा पर रोक लगाना बहुत जरूरी हैं। पंचायत कमेटी के अध्यक्ष मो खुर्शीद ने कहा कि कोई भी नशा करते पकड़ा जाए तो उसे प्रशासन के हवाले कर दिया जाए। सचिव रिज़वान अली ने कहा कि सभी अभिभावक बच्चों पर विशेष निगरानी रखें। कोषाध्यक्ष अशफ़ाक अंसारी ने कहा कि नशा के कारण परिवार बर्बाद हो रहा है। परिवार की समाज में बदनामी भी होती है। उपकोषाध्यक्ष मो जियाउद्दीन ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि अगर कोई किशोर या युवा नशा करते हुए पकड़ा जाए और नशा करके घर आए तो कमेटी को जानकारी दें। ऐसे युवाओं को इलाज के लिए नशामुक्ति केन्द्र भेजा जाएगा। बैठक में दरगाह मोहल्ला समेत कोनरा पंचायत के लोग शामिल थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


