ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
इचाक पुलिस ने छापेमारी में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे थे। डीएसपी अमित कुमार की अगुवाई में बनी एसआईटी ने इचाक मोड़ क्षेत्र में कार्रवाई की। आरोपियों के पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

इचाक,प्रतिनिधि। इचाक पुलिस ने छापेमारी के दौरान ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसकी जानकारी थाना प्रभारी गौतम कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि डीएसपी मुख्यालय अमित कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि इचाक मोड़ क्षेत्र में दो व्यक्ति ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने पहुंचे हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। गठित टीम ने इचाक मोड़ क्षेत्र में छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस ने 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दिगंबर कुमार, पिता विजय महतो तथा दीपक कुमार, पिता परमेश्वर महतो, ग्राम करीमती थाना इचाक निवासी को गिरफ्तार कर लिया।थाना
प्रभारी ने बताया कि डीडी किट से जांच करने पर जब्त पदार्थ ब्राउन शुगर पाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक बिरसा टूटी सहित अन्य पुलिस जवान शामिल थे। थाना प्रभारी गौतम कुमार ने कहा कि अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


