सरकारी स्कूलों के छात्रों को पढ़ाने के लिए बन रहा विडियो

Apr 06, 2026 06:28 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हजारीबाग
share

हजारीबाग में सरकारी हाई और प्लस टू स्कूलों के 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए नई पहल शुरू की गई है। अनुभवी शिक्षकों द्वारा विभिन्न विषयों पर वीडियो लेक्चर तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए साझा किया जा रहा है। यह पहल छात्रों की परीक्षा की तैयारी में मददगार साबित हो रही है।

सरकारी स्कूलों के छात्रों को पढ़ाने के लिए बन रहा विडियो

हजारीबाग, जिला प्रतिनिधि। जिले के सरकारी हाई और प्लस टू स्कूलों में पढ़ने वाले क्लास दसवीं और बारहवीं के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत चयनित अनुभवी शिक्षकों द्वारा विभिन्न विषयों पर वीडियो लेक्चर तैयार किए जा रहे है, जिन्हें विद्यार्थियों तक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। यह पहल खासतौर पर उन छात्रों के लिए लाभकारी साबित हो रही है, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। जिले के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने इसकी पहल गत वर्ष सितंबर माह से कराई थी। उपायुक्त की ओर से किया गया यह पहल सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जो शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

अब इसे नए सत्र के पहला माह अप्रैल से शुरू कर दिया जाएगा। डीइओ प्रवीण रंजन के मार्गदर्शन में तैयार किए जा रहे इन वीडियो में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, हिन्दी समेत अन्य विषयों को सरल और समझने योग्य तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। चयनित शिक्षक अपने-अपने विषय में दक्ष माने जाते हैं, जो छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम आधारित सामग्री तैयार कर रहे हैं। वीडियो में महत्वपूर्ण प्रश्न, परीक्षा पैटर्न और आसान ट्रिक्स भी शामिल किया जाता है। इससे छात्र-छात्राओं की परीक्षा की बेहतर तैयारी में मदद मिल सके। इन वीडियो को हजारीबाग एड्युकेट्स नामक व्हाट्सअप ग्रुप के जरिए साझा किया जाता है। इस ग्रुप में जिले के विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और छात्र जुड़े हुए हैं। शिक्षक वीडियो के साथ-साथ नोट्स और असाइनमेंट भी साझा करते हैं। जिससे विद्यार्थियों को घर बैठे भी पढ़ाई करने की सुविधा मिलती हैं। शिक्षकों का कहना है कि यह पहल डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ छात्रों में आत्मनिर्भरता भी विकसित करता है।वहीं छात्रों ने कहा कि वीडियो के माध्यम से कठिन विषयों को समझना पहले की तुलना में आसान हो गया है। हालांकि कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की समस्या और स्मार्टफोन की कमी जैसी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।