राष्ट्रीय महिला आयोग की तीन सदस्यीय टीम पीड़ित परिजनों से मिली
राष्ट्रीय महिला आयोग की तीन सदस्यीय टीम ने पीड़ित और आरोपियों के गांव का दौरा किया। टीम ने पीड़ित परिवार से बात की और सरकारी योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया। आरोपी भगतीन के घर का निरीक्षण कर बच्चों की परवरिश में मदद का आश्वासन दिया। मामले की रिपोर्ट पुलिस प्रशासन से भी ली जाएगी।

विष्णुगढ़ प्रतिनिधि। राष्ट्रीय महिला आयोग की तीन सदस्यीय टीम ने गुरूवार को पीड़ित एवं आरोपियों के गांव पहुंचकर दौरा किया। टीम में राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी, लॉ ऑफिसर मनमोहन वर्मा तथा सीनियर कॉर्डिनेटर कंचन खट्टर शामिल थे। आयोग की टीम के साथ विष्णुगढ़ प्रखंड प्रशासन की टीम भी शामिल रही। आयोग के सदस्य मृतक की मां सह आरोपी रेशमी देवी के घर पहुंची और घर के सभी सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने पीड़ित एवं आरोपी दोनों के परिजनों से मिलकर घटनाक्रम की पूरी जानकारी हासिल की। इसके अलावा प्रखंड प्रशासन से पीड़ित परिजनों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया।
इसके बाद टीम आरोपी भगतीन के घर भी पहुंची। उसके पूरे घर और पूजास्थल का निरीक्षण किया। भगतीन के परिवार वालों के बारे में पूरी जानकारी ली। बताया गया कि भगतीन के पति एवं एकलौते पुत्र की मृत्यु हो चुकी है। पुत्र की मृत्यु के बाद पुत्रवधू अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़कर दूसरे से विवाह रचा लिया। उसके घर में दो पोते एवं एक पोती है। झाड़-फूंक में मिले पैसे से हीं घर का चूल्हा जलता है। भगतीन के गिरफ्तार होने के बाद से उन तीनों मासूम बच्चों के सिर से एकमात्र अभिभावक दादी का साया भी फिलहाल उठ गया है। उन बच्चों से महिला आयोग की सदस्य ने बातचीत की और बच्चों की परवरिश एवं शिक्षा आदि में आवश्यक मदद करने का निर्देश दिया। पूर्व सदस्य ममता कुमारी ने बताया कि पुलिस प्रशासन से भी मामले की जानकारी ली जाएगी और रिपोर्ट आयोग को सौंपा जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


