डुमरी में तालाब में डूबकर विष्णुगढ़ के युवक की मौत, हत्या का आरोप
विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया टांड में एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। युवक के कपड़े तालाब के किनारे मिले थे, जिससे डूबने का संदेह हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

विष्णुगढ़ प्रतिनिधि। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के मड़मो पंचायत अंतर्गत डुमरिया टांड के युवक की मौत डुमरी थाना क्षेत्र के एक तालाब में डूबकर हो गई। घटना को लेकर मृतक की पत्नी ने पति की हत्या का आरोप लगाते हुए डुमरी थाना में आवेदन दिया है। बताया जाता है कि डुमरिया टांड निवासी शनिचर सोरेन (45) पिता बुधु मांझी अपने पड़ोसी संजय महतो के साथ बीते गुरूवार की सुबह डुमरी थाना क्षेत्र के भरखर पंचायत अंतर्गत घुठियागढ़ा गए थे। दिन भर बीतने के बाद शाम में पड़ोसी संजय महतो अपने घर वापस लौट आया। वहीं, देर शाम तक शनिचर सोरेन के घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो उठे और खोजबीन शुरू कर दी।
पड़ोसी संजय महतो को पूछने पर अनभिज्ञता जाहिर की। शुक्रवार को परिजन खोजबीन करते हुए भरखर के घुठियागढ़ा पहुंचे। वहां ग्रामीणों के साथ खोजबीन में धोरधोरवा तालाब के किनारे युवक का शर्ट-पैंट तथा बेल्ट पड़ा हुआ पाया। इससे लोगों को तालाब में डूबने का संदेह हुआ। वहां के ग्रामीणों की मदद से तत्काल तालाब के मेढ़ को काट दिया गया। तालाब का पानी निकल जाने के बाद युवक का शव बरामद हो गया। मौके पर पहुंची डुमरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी का आरोप है कि साजिश के तहत पति को बहला-फुसला कर पड़ोसी संजय महतो भरखर ले गया और सुनसान जगह देखकर हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को तालाब में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। इधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर पंसस बहाराम हांसदा ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


