संत सुरक्षा अभियान के तहत हजारीबाग में निकला भव्य मौन जुलूस

Newswrap हिन्दुस्तान, हजारीबाग
share

हजारीबाग में जैन समाज द्वारा राष्ट्रीय संत सुरक्षा अभियान के तहत मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और संतों की सुरक्षा की मांग की। जुलूस प्रशासनिक कार्यालय पहुंचा, जहां ज्ञापन सौंपकर संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई। सभी ने संतों की सुरक्षा और सम्मान पर जोर दिया।

 संत सुरक्षा अभियान के तहत हजारीबाग में निकला भव्य मौन जुलूस

हजारीबाग, वरीय संवाददाता। जैन समाज हजारीबाग के तत्वावधान में मंगलवार को राष्ट्रीय संत सुरक्षा अभियान के तहत शहर में भव्य मौन जुलूस निकाला गया। पूज्य मुनिश्री धर्म सागर जी एवं मुनि श्री भाव सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद के बाद निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा और बालिकाएं शामिल हुए। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए प्रशासनिक कार्यालय पहुंचा, जहां उपायुक्त एवं पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर संतों, साधु-साध्वियों एवं आर्यिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। मौन जुलूस में पूर्व सांसद यदुनाथ पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, सांसद प्रतिनिधि आनंद देव, विशप आनंद जोजो, समाजसेवी हर्ष अजमेरा, सतीश गिरिजा, अरुण कुमार वर्मा, शैलेश चंद्रवंशी, राजेंद्र प्रसाद, डॉ अमरदीप यादव, पंकज मेहता, डॉ. संतोष कुमार पांडे सहित विभिन्न समाजों और संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष नागेंद्र विनायका, महामंत्री संजय अजमेरा, उपाध्यक्ष जेपी विनायका, कोषाध्यक्ष संजय सेठी समेत जैन महिला समाज, जैन महिला समिति, जैन युवा परिषद और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया। समाज के लोगों ने कहा कि संत महात्माओं की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु अत्यंत दुखद है।यह केवल जैन समाज ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और मानवता के लिए आघात है। सभी ने एक स्वर में घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। मुनिश्री धर्म सागर जी एवं मुनि श्री भाव सागर जी ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय स्तर पर संत सुरक्षा नीति लागू करने, संतों के विरुद्ध अपराधों को संवेदनशील श्रेणी में रखने तथा प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय विकसित करने की मांग की। जैन समाज के मीडिया हेड विजय जैन लुहाड़िया ने कहा कि संतों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर जन-जागरण के उद्देश्य से यह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित जुलूस निकाला गया। श्रद्धालुओं ने हाथों में संतों की सुरक्षा राष्ट्र की जिम्मेदारी है और अहिंसा के पथिक सुरक्षित हों जैसे संदेश लिखी तख्तियां लेकर जागरुकता का संदेश दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।