
विधायक ने चहारदीवारी एवं विविद्य उन्नयन कार्यों का किया शिलान्यास
सोमवार को मांडू विधायक निर्मल महतो ने बरहमोरिया के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में चहारदीवारी और अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की महत्ता बताई और विद्यालय...
विष्णुगढ़ प्रतिनिधि। प्रखंड के बरहमोरिया स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में सोमवार को मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय की चहारदीवारी तथा विविद्य उन्नयन कार्यों का शिलान्यास किया। निर्माण कार्य भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल हजारीबाग द्वारा कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि बुनियादी शिक्षा व्यक्ति को अनुशासित, संस्कारवान, शिक्षित तथा जागरूक बनाती है। बच्चों को गहनतापूर्वक पढ़ाई कर गांव तथा प्रखंड का नाम उज्जवल करने की बात कही। कहा कि इस विद्यालय में दो तरफ की चहारदीवारी का कार्य पूर्व में पूर्ण हो चुका है। बाकी दो तरफ की चहारदीवारी नहीं रहने से असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।

मवेशियों से भी परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए विद्यालय की चाहरदीवारी का कार्य प्राथमिकता से कराया जा रहा है। संवेदक से उन्होंने गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। विद्यालय में पुस्तकालय समेत अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के संसाधन उपलब्ध कराने में भरपूर सहयोग करने का आश्वासन दिया। इसके पूर्व बच्चों ने करतल ध्वनि के बीच पुष्पवर्षा कर विधायक का स्वागत किया। विद्यालय प्रबंधन कमेटी द्वारा विधायक को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष अजय कुमार मंडल, सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष केबी मंडल, मुखिया दुलारचंद पटेल, महादेव देहाती, धीरज कुमार साव, कुंवर हांसदा, दिनेश साव, प्रवीण मंडल, गौतम वर्मा, सुधीर कुमार समेत कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


