
दिशोम सोहराय पर्व में दिखी झारखंडी संस्कृति की झलक
झारखंड आदिवासी संथाल समिति ने विष्णुगढ़ में दिशोम सोहराय पर्व का आयोजन किया। इसमें आदिवासी पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। पर्व का उद्देश्य प्रकृति और पशुधन के प्रति आभार व्यक्त करना है। कार्यक्रम में पारंपरिक गीतों और नृत्य की प्रस्तुति हुई, जिससे झारखंडी संस्कृति की झलक दिखाई दी।
विष्णुगढ़, प्रतिनिधि। झारखंड आदिवासी संथाल समिति विष्णुगढ़ इकाई द्वारा शुक्रवार को प्रखंड के कुसुंभा पंचायत अंतर्गत अलखरी कला बाहा टांड में प्रखंडस्तरीय दिशोम सोहराय पर्व का आयोजन किया गया। जिसमें पूरे प्रखंड से जनजाति बहुल गांवों के बड़ी संख्या में आदिवासी महिला-पुरूष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। इस मौके पर मेला का भी आयोजन किया गया। प्रखंडस्तरीय दिशोम सोहराय पर्व की शुरूआत सोहराय गोठ पूजा के साथ हुई। जिसमें गांव के नायके बहाराम हांसदा, बाबूचंद मुर्मू, फागू मुर्मू आदि शामिल होकर पूजा संपन्न कराया। इसके उपरांत अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर विधिवत कार्यक्रम की शुरूआत की। समिति के अध्यक्ष महेन्द्र हांसदा ने कहा कि सोहराय झारखंड में आदिवासी संथाल समाज का सबसे बड़ा पर्व है।
यह पर्व प्रकृति और पशुधन के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है। इसमें आदिवासी समुदाय की सांस्कृतिक पहचान और प्रकृति से जुड़ाव देखने को मिलता है। सचिव राजाराम बेसरा ने कहा कि प्रकृति एवं पशुधन की समृद्धि, अच्छी फसल और परिवार की खुशहाली की कामना इस पर्व से जुड़ी होती है। इस पर्व को भाई-बहन के अटूट प्यार और अक्षुण्ण रिश्ते का प्रतीक माना जाता है। कहा कि प्रखंडस्तरीय सोहराय पर्व के उपरांत प्रत्येक आदिवासी गांवों में पृथक रूप से सोहराय पर्व मनाया जाएगा। जिसमें गोठ पूजा, गोहाल पूजा, बरदखुंटा, जाले तथा हाकूकाटकोम आदि का आयोजन होगा। कार्यक्रम में मांदर एवं झाल की थाप के बीच संथाली पारंपरिक गीतों के बोल पर आदिवासी महिला-पुरूषों ने सोहराय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति की। इस दौरान झारखंडी संस्कृति की झलक दिखने को मिली। कार्यक्रम में शामिल लोग भी काफी उत्साहित दिखे। आयोजन में अध्यक्ष, सचिव के अलावा कोषाध्यक्ष संझलू हांसदा, उपाध्यक्ष बाबूचंद हेम्ब्रम, उपसचिव सोहन हेम्ब्रम, संयोजक गणेश हांसदा, सुरेश मुर्मू, महावीर सोरेन, देवंती देवी, सविता देवी, नमिता हेम्ब्रम, सोहन हेम्ब्रम आदि का विशेष सहयोग रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




