झारखंड पुलिस अकादमी में साइबर सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
झारखंड पुलिस अकादमी ने साइबर अपराधों और डिजिटल खतरों के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराधों, डिजिटल साक्ष्य सुरक्षा और साइबर घटनाओं में प्राथमिक प्रतिक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर हाइजीन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

हजारीबाग हमारे प्रतिनिधि राज्य में तेजी से बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल खतरों को ध्यान में रखते हुए झारखंड पुलिस अकादमी में साइबर सुरक्षा जागरुकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं प्रशिक्षुओं को साइबर अपराधों, डिजिटल साक्ष्यों की सुरक्षा तथा साइबर घटनाओं में प्रथम प्रतिक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करनी थी। यह कार्यक्रम का आयोजन अनमास्क्ड साइबर सिक्योरिटी कंसल्टेंसी ने किया था। कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्पा बाला ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फिशिंग एवं सोशल इंजीनियरिंग हमले, डिजिटल साक्ष्य संरक्षण, पुलिस कर्मियों के लिए साइबर हाइजीन तथा राष्ट्रीय सुरक्षा पर साइबर खतरों के बढ़ते प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने यह भी बताया कि किस प्रकार साइबर माध्यमों का दुरुपयोग कर संगठित अपराधी एवं आतंकी तत्व संचार, धन संग्रह और आपराधिक गतिविधियों की योजना बनाते हैं। जो सीधे तौर पर आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा विषय है। सौरव विश्वकर्मा ने साइबर घटनाओं में पुलिस की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रारंभिक स्तर पर डिजिटल साक्ष्यों की गलत हैंडलिंग से जांच एवं अभियोजन कमजोर हो सकता है। उन्होंने साईबर सिक्प्रयोरिटी को प्रभावी और व्यावहारिक बनाने के लिए हाल के वास्तविक मामलों के उदाहरण प्रस्तुत किए। जिससे तकनीकी एवं गैर-तकनीकी दोनों प्रकार के अधिकारी लाभान्वित हुए।कार्यक्रम मे उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षुओं ने ऐसे कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और प्रासंगिक बताया गया। झारखंड पुलिस अकादमी के अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आधुनिक अपराध चुनौतियों से निपटने मे पुलिस बल की क्षमता को सुदृढ़ बनाते हैं। झारखंड पुलिस अकादमी ने साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

