मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के आइसीयू में सीसीसीटीवी लगाने का दिया निर्देश
हजारीबाग में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट की प्रगति की समीक्षा की। डॉक्टरों की उपस्थिति, उपकरणों की कार्यशीलता और अन्य आवश्यकताओं पर भी ध्यान दिया गया।

हजारीबाग, वरीय संवाददाता । स्वास्थ्य विभाग, झारखंड के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बुधवार को हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, उप विकास आयुक्त रिया सिंह और सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट की प्रगति की समीक्षा की गई, साथ ही मेडिसिन, मनोचिकित्सा, स्किन और नेत्र वार्ड में उपलब्ध उपकरणों की कार्यशीलता जांची गई। ऑक्सीजन पाइपलाइन व्यवस्था को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए गए। सर्जरी वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज से बातचीत कर उन्होंने इलाज, दवा और आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके अलावा वार्डों में डॉक्टरों की उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। मेडिकल सुपरिटेंडेंट को अस्पताल में प्रकाश व्यवस्था सुधारने, दरवाजों की मरम्मत और अन्य जरूरी कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। अल्ट्रासाउंड मशीनों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि बढ़ती मरीज संख्या के अनुरूप जांच में तेजी लाई जा सके। परिसर में पुराने भवनों को हटाकर जगह खाली करने और आइसीयू में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन मुख्य भवन, डॉक्टर क्वार्टर और छात्रावास का भी जायजा लिया। अधिकारियों से निर्माण कार्य की समयसीमा पूछते हुए इसे शीघ्र पूरा करने को कहा। फिलहाल यहां करीब 500 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। बाद में परिसदन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर निरीक्षण में मिली खामियों पर चर्चा की गई। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने, पीजी सत्र समय पर पूरा करने और परिणामों में सुधार लाने के निर्देश दिए। सभी विभागाध्यक्षों को वार्ड, ओपीडी, साफ-सफाई और नर्सिंग सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने को कहा गया। साथ ही आयुष्मान योजना और अबुआ स्वास्थ्य योजना के तहत क्लेम राशि बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। अपर मुख्य सचिव ने बरही और विष्णुगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता बताते हुए बरही में जिला अस्पताल जैसी सेवाएं विकसित करने की बात कही। इसके अलावा अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था सुधारने और निर्माणाधीन संरचनाओं, अमृत फार्मेसी व जन औषधि केंद्रों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


