Hazaribagh News: पेड़ों के सहारे झूल रही हाईटेंशन लाइन, हादसे की आशंका
Hazaribagh News: चौरदाहा पंचायत में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन घने जंगलों में पेड़ों की शाखाओं में फंसी हुई है। तेज़ हवा या हल्की बारिश में ये तार टकराकर शॉर्ट सर्किट करते हैं, जिससे इलाके में अंधेरा छा जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति कई बार कई घंटों या दिनों तक ठप रहती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है।

Hazaribagh News: चौपारण, प्रतिनिधि । चोरदाहा पंचायत में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार बिजली विभाग की घोर लापरवाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। चौपारण से चोरदाहा तक जाने वाली यह हाई वोल्टेज लाइन दनुआ घाटी के घने जंगल में करीब 20 से अधिक पेड़ों की शाखाओं में फंसी और बंधी हुई है। स्थिति यह है कि तेज हवा या हल्की बारिश होते ही पेड़ों की टहनियां तारों से टकराती हैं, जिससे शॉर्ट सर्किट और फॉल्ट होकर पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, मामूली बारिश होने पर भी बिजली घंटों गुल रहती है, तो कई बार दो से तीन दिनों तक बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है।
सड़क किनारे सूखे पेड़ों और घने जंगलों के बीच से गुजर रहे इन तारों के कारण राहगीरों और वाहनों के लिए भी हमेशा खतरे की आशंका बनी रहती है। सड़क दुर्घटना की स्थिति में यदि कोई वाहन इन पेड़ों या तारों की चपेट में आता है, तो स्थिति भयावह हो सकती है।


