हजारीबाग में पिछले दो-तीन दिन से बारिश और ओलावृष्टि से खेती किसानी को नुकसान
हजारीबाग में अप्रैल में मौसम अचानक बदल गया है। तेज बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित किया है। 6 से 8 अप्रैल के बीच ओले गिरे और फसलों को नुकसान हुआ। एक महिला की मौत भी हुई। मौसम विभाग ने किसानों को फसलों की कटाई करने की सलाह दी है।

हजारीबाग, हमारे प्रतिनिधि । हजारीबाग में अप्रैल महीने में मौसम ने अचानक करवट ली है। जिसके कारण पिछले कुछ दिनों से तेज बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन और फसलों को व्यापक नुकसान पहुँचाया है। हजारीबाग में 6 से 8 अप्रैल बारिश और जोरदार ओलावृष्टि हुई। हजारीबाग शहर के विभिन्न इलाकों जैसे लालपुर, हुरहुरू, खपरियांवा में सोमवार 6 अप्रैल की शाम बड़े आकार के ओले गिरे। मंगलवार और बुधवार को भी बारिश हुई। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी रबी फसलों और हरी सब्जियों को काफी नुकसान पहुँचा है। ओलावृष्टि से खासकर तैयार तरबूज की फसल को विशेष नुकसान पहुंचा है।
आम के कई जगह पेड़ गिर गए। डालिया टूट गई।आम के पेड़ों से लगे फल (बौर) गिर गये। तेज आंधी से जान-माल की क्षति हुई है। 8 अप्रैल को हजारीबाग के विष्णुगढ़ बनासो बाजार में तेज आंधी के दौरान पेड़ की डाल टूटने और बिजली के पोल गिरने से एक 50 वर्षीय महिला सोहगी देवी की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। तापमान का पारा लुढ़क कर अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। गुरुवार को भी बादल के छाए रहने और अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस बने रहने की उम्मीद है। शुक्रवार से मौसम साफ हो जाएगा। उसके बाद तापमान का पारा चढ़ने लगेगा। एक ओर बारिश और ओलों के कारण हजारीबाग का तापमान गिर गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लेकिन इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। तैयार फसलें विशेषकर सब्जी और रबी फसलें, ओलों की मार से नष्ट हो रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे तैयार फसलों की जल्द से जल्द कटाई कर लें और आंधी-तूफान के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


