गंगा दशहरा पर भास्कर धाम में सामूहिक आरती का आयोजन
विष्णुगढ़ में एकल विद्यालय द्वारा भास्कर धाम के पास गंगा दशहरा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गंगा आरती की गई और मां गंगा के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया, और सभी ने एक साथ सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

विष्णुगढ़, प्रतिनिधि। एकल विद्यालय द्वारा मंगलवार को भास्कर धाम स्थित उत्तरवाहिनी जमुनियां नदी के तट पर गंगा दशहरा का आयोजन किया गया। एकल विद्यालय के अध्यक्ष संतोष साव, सुशील कुमार महतो, वरुण कुमार, किरण देवी समेत कई आचार्यों के द्वारा गंगा आरती की गई। इसके उपरांत भारत माता एवं मां गंगा के चित्र पर दीप प्रज्जवलित किया गया। इस मौके पर गंगा दशहरा के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कहा गया कि सनातन परंपरा के अनुसार ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मां गंगा स्वर्ग लोक से पृथ्वी पर अवतरित हुई थी।
राजा भगीरथ ने अपने पूर्वजों की मुक्ति के लिए कठोर तप कर मां गंगा को पृथ्वी पर लाने के लिए प्रसन्न किया।मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरित होने की स्मृति में गंगा दशहरा मनाया जाता है। कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार हैं। उनके पावन जल से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। कार्यक्रम में विविध भजनों के माध्यम से जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। लोगों को नदी, तालाब एवं जलस्रोतों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने तथा जल का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। सभी ने वातावरण को स्वच्छ एवं संरक्षण के का सामूहिक संकल्प लिया। सामूहिक आरती के उपरांत मां गंगा से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। मौके पर समिति के अध्यक्ष संतोष साव, सचिव सुशील कुमार महतो, सत्संग अध्यक्ष वरुण कुमार, संच प्रमुख किरण देवी, सुरेश महतो, टाटीझरिया संच प्रमुख देवंती देवी, सत्यभामा देवी, पिंकी, गीता समेत विद्यालय के आचार्य, समिति सदस्य समेत कई लोग शामिल थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


