Hazaribagh News: आठ दिवसीय जनजातीय गौरव उत्सव की तैयारी शुरू , महिला उद्यमियों के लिए खुला पंजीकरण कार्यालय
Hazaribagh News: हजारीबाग में आठ दिवसीय जनजातीय गौरव उत्सव की तैयारियों के लिए महिला उद्यमियों के स्टॉल पंजीकरण कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय और स्थानीय महिला उद्यमियों को उनके उत्पादों को प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद करना है।

Hazaribagh News: हजारीबाग, निज प्रतिनिधि। आठ दिवसीय जनजातीय गौरव उत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को हजारीबाग स्थित श्री राम जानकी मठ बड़ा अखाड़ा परिसर में महिला उद्यमियों के स्टॉल पंजीकरण के लिए कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय एवं स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।कार्यालय का उदघाटन बिरसा मुंडा जनकल्याण योजना प्रचार-प्रसार अभियान के राष्ट्रीय प्रमुख राजमणि, जनजातीय गौरव उत्सव अभियान के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशोर सावंत, श्री राम जानकी मठ के महंत विजयानंद दास और अभियान के जिला अध्यक्ष बलदेव बाबू ने संयुक्त रूप से किया।
शुभारंभ के मौके पर बताया गया कि जनजातीय गौरव उत्सव के दौरान जिले और आसपास के क्षेत्रों की महिला उद्यमियों को अपने हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पाद, खाद्य सामग्री, घरेलू उद्योग एवं अन्य स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ।इच्छुक महिला उद्यमी कार्यालय से संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकती हैं।वक्ताओं ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति, परंपरा और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अवसर उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजन स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में अभियान की पूर्व जिला अध्यक्ष पूनम मिश्रा, महिला उद्यमी मारियम तुड़डू, हंसराज लोहरा, रानी कच्छप सहित कई महिला उद्यमी और अभियान से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


