उपायुक्त ने बाल सुधार गृह संप्रेक्षण गृह का किया औचक निरीक्षण

Newswrap हिन्दुस्तान, हजारीबाग
share

18 मई को उपायुक्त हेमन्त सती ने बाल सुधार गृह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों की देखरेख और भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। उपायुक्त ने बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और काउंसलर को नियमित अध्ययन के निर्देश दिए। वर्तमान में यहाँ 68 बच्चे रह रहे हैं।

उपायुक्त ने बाल सुधार गृह संप्रेक्षण गृह का किया औचक निरीक्षण

हजारीबाग वरीय संवाददाता उपायुक्त हेमन्त सती ने 18 मई को बाल सुधार गृह (संप्रेक्षण गृह) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों की देखरेख एवं उपलब्ध सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बाल कैदियों से मुलाकात एवं संवाद कर उनका हालचाल जाना। उपायुक्त ने रसोईघर का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा साफ-सफाई एवं पोषण मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही बच्चों के छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्था का आकलन किया और बच्चों को नियमित पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय का भी अवलोकन किया। मौके पर उपस्थित काउंसलर को निर्देश दिया कि बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई कराएं तथा हिंदी भाषा में महापुरुषों की प्रेरणादायक कहानियों की पुस्तकें उपलब्ध कराकर उन्हें पढ़ने हेतु प्रोत्साहित करें। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा दसवीं के बाल कैदियों को प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने के लिए कड़ी मेहनत करने का सुझाव दिया। उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में बाल सुधार गृह में कुल 68 बच्चे आवासित हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रतिनियुक्त जिला पुलिस बल को सख्त निर्देश दिया कि संप्रेक्षण गृह अधीक्षक की अनुमति के बिना किसी भी परिस्थिति में अवकाश पर न जाएं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।