मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्था पर भड़के डीसी

Newswrap हिन्दुस्तान, हजारीबाग
share

शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्था पर भड़के डीसी  कहा डीजल देने से मना करने वाले पेट्रोल पंप होंगे सील हजारीबाग वरीय संवाददाता  शहर के शेख भिख

मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्था पर भड़के डीसी

हजारीबाग, वरीय संवाददाता। शहर के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में व्याप्त बदहाली और बिजली कटौती से परेशान मरीजों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। बुधवार को औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल की लचर व्यवस्था देख डीसी हेमन्त सती का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने न केवल अस्पताल प्रबंधन को जमकर फटकार लगाई, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में कोताही बरतने वाले सभी जिम्मेदारों को सख्त चेतावनी दी। अस्पताल में बिजली गुल रहने पर जनरेटर संचालन में आ रही बाधा पर डीसी ने तब कड़ा रुख अपनाया। जब उन्हें बताया गया कि बकाया भुगतान न होने के कारण कुछ पेट्रोल पंप संचालक डीजल देने से मना कर रहे हैं, तो डीसी ने इसे अक्षम्य करार दिया।

उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जो पेट्रोल पंप अस्पताल जैसी आपातकालीन सेवा को ईंधन देने से मना करेंगे, उनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया जाए। उन्होंने प्रबंधन को 500 लीटर डीजल का स्थायी स्टॉक रखने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी, पंजीकरण काउंटर और अन्य वार्डों में गंदगी देखकर डीसी ने नाराजगी जताई। उन्होंने आउटसोर्स सफाई एजेंसी को दो दिनों के भीतर पूरे परिसर की कायाकल्प करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बैठने के लिए कुर्सियां, पंखे और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डीसी ने  अस्पताल में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए  डेडिकेटेड फीडर का निर्माण और 24×7 तीन इलेक्ट्रीशियन की तैनाती पर जोर दिया। उन्होंने जेरेडा को तुरंत खराब पड़े सोलर सिस्टम की मरम्मत करने को कहा गया। डीसी ने गाइनी वार्ड में दो अतिरिक्त स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती और बंद पड़े मॉड्यूलर गायनी ओटी को तत्काल चालू करने का आदेश दिया। उन्होंने शिशु वार्ड के एसए प्लांट को दुरुस्त करने और अस्पताल की सभी लिफ्टों को नियमित चलाने को कहा गया।निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन सभागार में विभागाध्यक्षों  के साथ बैठक करते हुए डीसी ने स्पष्ट किया कि शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज केवल हजारीबाग ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों के मरीजों का सहारा है। उन्होंने कहा कि सरकार संसाधन दे रही है, लेकिन कार्य संस्कृति और जवाबदेही की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और एजेंसियां पूरी निष्ठा के साथ काम करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इस मौके पर उप विकास आयुक्त रिया सिंह, सिविल सर्जन, मेडिकल सुपरिटेंडेंट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।