Hindi NewsJharkhand NewsHazaribagh NewsChild Welfare Initiative 6 Minors Rescued from Unsafe Environment in Katkamsandi
प्रखंड प्रशासन ने छह नाबालिग बच्चों को भेजवाया शेल्टर होम

प्रखंड प्रशासन ने छह नाबालिग बच्चों को भेजवाया शेल्टर होम

संक्षेप:

कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र में प्रशासन ने छह नाबालिग बच्चों को असुरक्षित परिवेश से सुरक्षित शेल्टर होम में स्थानांतरित किया। इनमें सबसे छोटा बच्चा 6 माह का है। बच्चों की मां की मृत्यु के बाद पिता शराब का आदी हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की और बच्चों को संरक्षण में लिया।

Jan 08, 2026 01:21 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हजारीबाग
share Share
Follow Us on

कटकमसांडी। प्रतिनिधि कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र में मानवीय पहल के तहत प्रशासन ने छह नाबालिग बच्चों को असुरक्षित परिवेश से निकालकर शेल्टर होम में सुरक्षित आश्रय दिलाया। इनमें सबसे छोटा बच्चा मात्र 6 माह का है, जबकि सबसे बड़ा 13 वर्ष का है। बताया जाता है कि बच्चों की मां की मृत्यु छह माह पूर्व प्रसव के दौरान हो गई थी। इसके बाद से पिता अनिल भुइयां शराब का आदी हो गया जिससे बच्चों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई थी।बच्चों की बदतर स्थिति की जानकारी ढोठवा पंचायत मुखिया जय प्रकाश केसरी ने कटकमसांडी बीडीओ पूजा कुमारी को दी। बीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और एक चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर विस्तृत जांच करवाई।

जांच में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार और उपेक्षा की पुष्टि हुई।इसके बाद प्रखंड प्रशासन ने मामले की रिपोर्ट चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को भेजी। समिति ने गांव जाकर स्थिति की जानकारी भी लिया। बच्चों को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ उनकी स्थिति को देखते हुए सभी बच्चों को संरक्षण में लेने का निर्णय लिया गया। जिसके बाद बीडीओ, मुखिया एवं टीम की उपस्थिति में बच्चों को सुरक्षित रूप से शेल्टर होम भेज दिया गया।सीडब्ल्यूसी ने कहा कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य व देखभाल की संपूर्ण जिम्मेदारी अब संस्थान के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी।