
डॉक्टर की निगरानी में घायल बच्चों ने दी परीक्षा
पदमा प्रखंड के मां विंध्यवासिनी बीएड कॉलेज केंद्र पर मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे छात्रों की बस दुर्घटना में 15 बच्चे घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को हजारीबाग रेफर किया गया। पदमा और बरही के अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पदमा, प्रतिनिधि। पदमा प्रखंड स्थित मां विंध्यवासिनी बीएड कॉलेज केंद्र पर मैट्रिक की परीक्षा देने आ रहे कुछ छात्र बस दुर्घटना में घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार कई बच्चे एक बस में सवार होकर उक्त केंद्र पर परीक्षा देने आ रहे थे। इसी बीच पंचमाधव के समीप बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई और बस में सवार लगभग 15 बच्चे घायल हो गए। इसमें दो बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। सभी घायल बच्चें जब परीक्षा केंद्र में पहुंचे तो यहां अफरा- तफरी मच गयी। दुर्घटना की खबर पाकर पदमा बीडीओ निधि रजवार, बरही बीडीओ जयपाल महतो और पदमा सीएचसी केंद्र प्रभारी धीरज कुमार अपनी चिकित्सा टीम के साथ सेंटर पर पहुंचे और यहां घायल बच्चों का इलाज किया।
इस बीच खबर पाकर बरही एसडीओ जोहन टुडू भी मौके पर पहुंचते और बच्चों का हाल-चाल जाना। एसडीओ जोहन टुडू ने चिकित्सा प्रभारी को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की जाए ताकि बच्चों को कोई समस्या होने पर उसका त्वरित निदान किया जा सके और परीक्षा देने से कोई छात्र वंचित न हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




