Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsWoman Files Complaint Against Local Youth for Sexual Assault and Threats in Khori Mahua
महिला ने युवक पर  शोषण और धमकी का लगाया आरोप

महिला ने युवक पर शोषण और धमकी का लगाया आरोप

संक्षेप:

खोरीमहुआ के मरपोका गांव की एक महिला ने युवक नरेश राम पर शारीरिक शोषण और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। आरोपी ने बेल मिलने के बाद से उसे...

Oct 15, 2025 04:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share Share
Follow Us on

खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। खोरीमहुआ अनुमण्डल के घोड़थम्बा ओपी क्षेत्र अंतर्गत मरपोका ग्राम की एक महिला ने अपने ही गांव के एक युवक द्वारा लगातार शारीरिक शोषण, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए ओपी में मामला दर्ज कराया है। महिला ने पुलिस प्रशासन और न्यायालय से इन्साफ व सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि बीते 23 मई को वह घरेलू सामग्री खरीदने के लिए बलहारा चौक गई थीं। उसी दौरान गांव के ही नरेश राम (पिता स्व. बंधन राम) चौक पर मिला और अश्लील हरकतें करने लगा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

स्थिति बिगड़ने पर महिला वहां से भागकर विनय मोदी की दुकान की ओर गई, लेकिन आरोपी ने वहां भी उसका पीछा किया और आपत्तिजनक तरीके से छेड़छाड़ व शारीरिक शोषण करने का प्रयास किया। घटना के बाद महिला ने तत्काल घोड्थम्बा ओपी कांड संख्या 133/25 के तहत मामला दर्ज कराया था। हालांकि, न्यायालय द्वारा आरोपी को जमानत (बेल) मिल जाने के बाद से महिला की परेशानी और बढ़ गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बेल पर छूटने के बाद से आरोपी नरेश राम लगातार उसका पीछा कर रहा है, अश्लील टिप्पणियां कर रहा है और उस पर तीन लाख रुपये की उगाही का दबाव बना रहा है। आरोपी का कहना है कि न्यायालय से बेल लेने में खर्च हुए पैसे की भरपाई महिला को करनी होगी, अन्यथा वह उसकी हत्या कर देगा या इज्जत को मिट्टी में मिला देगा। महिला ने आवेदन में कहा है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति और दबंग स्वभाव का व्यक्ति है, जो किसी भी समय उसके साथ अनहोनी घटना को अंजाम दे सकता है। उसने प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसकी इज्जत और जान दोनों की रक्षा हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के मामलों में पीड़ित महिलाओं को न्याय मिलने में अक्सर देर होती है, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। लोगों ने भी प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।