16 करोड़ खर्च करने के बाद भी ग्रामीणों के घरों तक नहीं पहुंचा पानी

Newswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share

देवरी के रानीडीह गांव में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के तहत निर्मित पंप हाउस और पानी टंकी से ग्रामीणों को नल से पानी नहीं मिल रहा है। 16 करोड़ रुपये की लागत से बने मल्टी विलेज स्कीम का कार्य समय पर पूरा नहीं हुआ है, जिससे ग्रामीणों में रोष है। विभाग ने 1844 परिवारों को कनेक्शन देने की बात कही है।

16 करोड़ खर्च करने के बाद भी ग्रामीणों के घरों तक नहीं पहुंचा पानी

देवरी। देवरी के रानीडीह गांव में पेयजलापूर्ति विभाग के द्वारा निर्मित पंप हाउस एवं पानी टंकी से संबंधित गांवों के ग्रामीणों को नल से पानी नहीं मिल पा रहा है। जिससे करीब 16 करोड़ रुपए की लागत से बनाए गए जल जीवन मिशन कार्यक्रम अन्तर्गत मल्टी विलेज स्कीम ढेंगाडीह जलापूर्ति योजना बेकार साबित हो रही है। इस संबंध में बताया गया कि इस योजना के तहत देवरी के ढेंगाडीह, चोलीडीह, मंझलाडीह, गादी, बरवाडीह, ननकार रानीडीह, धनीरामडीह, रानीडीह तथा गरडीह गांव में पानी पहुंचाने की विभागीय स्वीकृति दी गई थी। जिसके तहत साल 2022 में उक्त कार्य को प्रारंभ कर साल 2024 तक उपरोक्त गांवों के 2051 परिवारों के घरों में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। लेकिन निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सका है। जिससे ग्रामीणों में व्यवस्था के खिलाफ रोष व्याप्त है। इधर, विभाग द्वारा ढेंगाडीह, धनीरामडीह, रानीडीह, मंझलाडीह व चोलीडीह गांव के 1844 परिवारों को पाइपलाइन से पानी का कनेक्शन दे देने की बात कही गई है。

गांवों में पानी की समस्या

मंझलाडीह, चोलीडीह, गादी एवं ढेंगाढीह में सड़क पर बह रहा है पानी

इधर ढेंगाडीह, गादी, चोलीडीह व मंझलाडीह के ग्रामीणों ने मंगलवार को बताया कि संवेदक द्वारा इस कार्य में भारी अनियमितता बरती गई है। जिसके कारण पानी सप्लाई शुरू होते ही अधिकांश गांवों में सड़क के किनारे लगाये गये पाइप लाइन से पानी का रिसाव शुरू हो गया है। विनोद यादव, रामधनी यादव, परशुराम यादव, जागेश्वर यादव, रामदेव राम आदि लोगों ने नियमित रूप से पानी सप्लाई नहीं किये जाने की बात कही। वहीं नल से पानी मिलने की बजाय सड़क पर पानी बहने लगता है।

गादी एवं गरडीह गांव की स्थिति

गादी एवं गरडीह गांव में एक भी परिवार को नहीं मिल रहा नल से पानी

गादी गांव के मिथिलेश राय, श्रवण राम, शनिचर राम, वकील यादव, परमानंद राय, ललन प्रसाद राय, अरविंद कुमार, विशुनदेव सिकदार तथा गरडीह गांव के

दिलीप पासवान, वकील दास, विशाल रजवार, बसंती देवी, अशोक रजवार, अरुण दत्ता, विमल दत्ता, राजेंद्र मंडल, सदानंद रजवार आदि लोगों ने बताया कि करीब दो साल पूर्व पूर्व में पानी का कनेक्शन व स्टैंड पोस्ट लगाने के लिए सभी परिवार से आधार कार्ड के साथ दो -दो सौ रुपये लिया गया था। जिससे कुछ लोगों घरों में स्टैंड पोस्ट लगा दिया गया। कुछ घरों में सिर्फ पाइप पहुंचा दिया गया है। बताया कि गांव में अधिकांश जलस्रोत सूख जाने से पानी के लिए गंभीर समस्या बनी है। इसके बाद भी संवेदक द्वारा कार्य पूरा नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मामले की जांच पड़ताल कर उपरोक्त गांवों में पेयजल आपूर्ति सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से की गई है।

विभाग के कनीय अभियंता की प्रतिक्रिया

क्या कहते हैं विभाग के कनीय अभियंता

इस संबन्ध में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता त्रिपुरारी कुमार ने मंगलवार को बताया कि योजना के तहत 2051 परिवार को पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। 1844 परिवार को कनेक्शन दे दिया गया। धनीरामडीह, रानीडीह, मंझलाडीह व चोलीडीह गांव के सभी घरों में पानी सप्लाई शुरू कर दी गयी है। जमीन विवादज् के कारण गरडीह में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। कुछ गांव में स्टैंड पोस्ट लगाने का काम किया जा रहा है। कार्य पूरा होते ही सभी गांवों में पानी सप्लाई शुरू करवा दिया जाएगा।

सामान्य प्रश्न

देवरी के रानीडीह गांव में पेयजल समस्या क्यों है?
देवरी के रानीडीह गांव में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के तहत निर्मित पंप हाउस और पानी टंकी से ग्रामीणों को नल से पानी नहीं मिल पा रहा है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।