चिरकी में महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन फ्लॉप
पीरटांड़ के आदिवासी गांव मंझलाडीह में जल जीवन योजना असफल साबित हो रही है। जलमीनार और चापाकल केवल शोभा की वस्तु बन गए हैं, जबकि ग्रामीणों को पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। दो सालों के बाद भी जलमीनार निर्माण अधूरा है। ग्रामीणों ने पीएचडी विभाग से समस्या के समाधान की मांग की है।

पीरटांड़, प्रतिनिधि। पीरटांड़ प्रखण्ड मुख्यालय स्थित चिरकी पंचायत का आदिवासी गांव मंझलाडीह में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन फ्लॉप साबित हो रहा है। मंझलाडीह गांव में जलमीनार व चापाकल महज शोभा की वस्तु बनकर रह गई है। गांव में सरकार के हर घर नल से जल दावे झूठे साबित हो रहे हैं। पानी की जुगाड़ में गांव के ग्रामीणों को रोज पसीना बहाना पड़ता है। उल्लेख्य रहे कि पीरटांड़ प्रखण्ड मुख्यालय स्थित चिरकी से महज दो किलोमीटर दूर आदिवासी बहुल गांव मंझलाडीह पीने के पानी के लिए तरस रहा है। गांव में सरकार की योजना जल जीवन मिशन झूठा साबित हो रहा है।
गांव के ग्रामीणों को नल से पानी देने के लिए जलमीनार खड़ा किया गया है। गली मोहल्ले में चापाकल भी बना है पर गांव के जलमीनार से लेकर चापाकल शोभा की वस्तु बनकर रह गई है। गांव के एक जलमीनार लंबे समय से खराब है जबकि एक अन्य जलमीनार निर्माण के लगभग दो वर्ष पूर्ण होने के बाद भी चालू नहीं हो पाया है। दो वर्ष पूरा होने के बाद भी जलमीनार निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। विभाग द्वारा केवल स्ट्रक्चर खड़ा कर छोड़ दिया गया है। वहीं गांव के कई चापाकल खराब हैं।बड़ी बात यह है कि प्रखण्ड मुख्यालय से सटे गांव की हालत देखनेवाला कोई नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि मंझलाडीह गांव के चरका टुड्डू के घर के सामने जलमीनार लंबे समय से खराब है। मुंशी टुड्डू के घर के सामने जलमीनार दो वर्ष से अधूरा पड़ा हुआ है। जलमीनार में टंकी तक नहीं लगाई गई है। वहीं सुंदरलाल टुड्डू, मनोज हांसदा तथा सुनीता बास्के के घर के सामने अलग अलग चापाकल खराब है। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पानी की जुगाड़ में गांव के लोगों को रोज पसीना बहाना पड़ रहा है। गांव के ग्रामीणों ने पीएचडी विभाग से पहल कर गांव की पेयजल समस्या दूर करने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


