पानी और नाली की समस्या से जूझ रहे हैं वार्ड 19 के लोग
गिरिडीह के वार्ड 19 में 4700 से अधिक मतदाता चुनाव में भाग लेंगे। पिछले 15 वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की कमी से लोग परेशान हैं। नालियों की सफाई न होने और पानी की कमी से मोहल्ले के लोग त्रस्त हैं। स्थानीय लोग विकास के लिए सही उम्मीदवार को वोट देने का निर्णय ले रहे हैं।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। नगर निकाय के हो रहे चुनाव में वार्ड 19 में 4700 से भी अधिक मतदाता अपने 6 प्रत्याशियों के भाग्य का इस बार फैसला करेंगे। हालांकि इस वार्ड में पिछले 15 वर्षों से कई मूलभूत सुविधाओं से यहां के लोग वंचित हैं। वार्ड 19 में 28 नंबर, भंडारीडीह पहाड़ी, बेलाडीह और शांतिनगर मोहल्ला शामिल है।नाली खुला रहने से कई तरह के संक्रमण का डर लोगों को सताता रहता है। आजतक इस पर स्लैब नहीं डाला गया है। घरों के सामने से भी नाली का पानी बहता है। जल निकासी की बेहतर सुविधा नहीं रहने के कारण लोग परेशान रहते हैं।
पूजा-पाठ करनेवाले लोगों को इन नालियों के कारण कई बार भावनाएं भी आहत हुई हैं। लोगों ने बताया कि सालों से सफाई नहीं होने के कारण नाली जाम हो गई है। मोहल्ले की भी साफ-सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि 28 नंबर में तीन साल पहले एक पानी टंकी बनी थी लेकिन उससे आजतक लोगों को पानी नहीं मिल सका है। गर्मी में पानी संकट से लोगों को यहां जूझ़ना पड़ता है। मोहल्ले के लोग इससे खासा परेशान हैं। कहा कि उनकी समस्याओं से किन्हीं को कुछ लेना-देना नहीं है। मोहल्ले के ही फूलचंद पासवान ने कहा कि 28 नंबर मोहल्ला में सड़क और नाली अभी तक नहीं बनी है। इससे काफी परेशानी होती है। छोटू कुमार तुरी ने बताया कि पीने के पानी का अभाव है और उन सबको दूर से पानी लाना पड़ता है। पप्पू कुमार तुरी का कहना है कि नाली पर ढक्कन नहीं होने से आने जाने में परेशानी होती है। नाली का पानी सड़क पर आ जाता है। सुखदेव राय ने कहा कि मोहल्ले में अभी तक सामुदायिक विकास केंद्र भवन और स्वास्थ केंद्र नहीं बन सका है। इससे लोगों को असुविधा होती है। दिनेश पासवान ने कहा कि इस वार्ड के लोग सरकार की कई लाभकारी योजनाओं से वंचित हैं। सुरेंद्र कुमार तुरी का कहना है कि जो पानी की समस्या को खत्म करेगा उसे ही वो वोट करेगा। पंकज कुमार का कहना है गली और नाली का सही तरीके से निर्माण होना चाहिए था जो नहीं हुआ है। इसी प्रकार अजय चौधरी ने कहा कि गरीबों की आवाज बनने वाला और वार्ड की समस्या दूर करनेवाले को ही जीतना चाहिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


