
किसगो में घर में घुसकर की मारपीट, लाखों की संपत्ति लूटी
खोरीमहुआ के किसगो ग्राम में विजयदशमी के दिन मारपीट और लूटपाट की घटना हुई। 16 लोगों ने संगठित तरीके से हमला कर चार व्यक्तियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिलाओं से जेवरात लूटे गए और दुकान से लाखों...
खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। खोरीमहुआ अनुमण्डल अंतर्गत हीरोडीह थाना क्षेत्र के किसगो ग्राम में गुरुवार को विजयदशमी के अवसर पर जहां लोग मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन और मेले में घूमने में व्यस्त थे, वहीं कुछ लोगों ने संगठित तरीके से मारपीट और लूटपाट की बड़ी घटना को अंजाम दिया। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि महिलाओं के गले से जेवरात छीन लिए गए और दुकान से लाखों रुपये नगदी व सामान की लूट हुई। पीड़ित अजय कुमार गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक गिरिडीह, एसडीपीओ खोरीमहुआ, इंस्पेक्टर जमुआ और हीरोडीह थाना प्रभारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि उनका घर में ही राशन व श्रृगार की दुकान है। गुरुवार को मेला होने के कारण पूरा परिवार दुकान पर ही मौजूद था। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिपाल गुप्ता, अविनाश चंद्र गुप्ता, संतपाल गुप्ता, कौशल किशोर गुप्ता, कौशिक गुप्ता, कबीर दास गुप्ता, जगतपाल गुप्ता, श्रीधर गुप्ता, अनुराग गुप्ता, हरिदास गुप्ता, दिनेश चंद्र गुप्ता सहित कुल 16 लोगों ने हरवे हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अजय कुमार गुप्ता, बसंत कुमार गुप्ता, हेमंत कुमार गुप्ता और पूनम देवी (पति हेमंत कुमार) गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान महिलाओं के गले के जेवर लूट लिए गए और दुकान से नगदी व सामान भी उठा ले गए। परिजनों ने जान बचाने के लिए घर के अंदर शरण ली। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना स्थानीय पुलिस, 100 नंबर और 112 पर लगभग 20 बार दी गई, लेकिन किसी ने रिस्पॉन्स नहीं दिया। यहां तक कि थाना में जाकर आवेदन देने पर भी आवेदन लेने से इंकार कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष ने यह भी कहा कि पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिसे जरूरत पड़ने पर प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं हीरोडीह थाना प्रभारी महेशचंद्रा ने बताया कि आवदेन प्राप्त हुआ है आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में पाए गए दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




