बदहाल सड़क से हादसों का डर, ग्रामीणों ने की अविलंब मरम्मत की मांग
खोरीमहुआ के गुंडरी मोड़ पर सड़क की स्थिति बेहद खराब है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा बैरियर लगाने की मांग की है। सड़क निर्माण में लापरवाही के चलते स्थिति और गंभीर हो गई है, विशेषकर बारिश के दिनों में।

खोरीमहुआ। खोरीमहुआ-कोडरमा मुख्य मार्ग पर घोड़थम्भा ओपी क्षेत्र अंतर्गत गुंडरी मोड़ के समीप बजरंगबली मंदिर के सामने स्थित चौराहा क्षेत्र का अत्यंत व्यस्त एवं संवेदनशील हिस्सा माना जाता है। यह मार्ग बरजो मोड़ के पास खोरीमहुआ एवं सरिया मुख्य सड़क को जोड़ते हुए परसन, करगाली, माघो, कुबरी, गोरहन, चट्टी, नवागढ़ होते हुए कोडरमा जिला के मरकच्चो तक पहुंचता है। वहीं खोरीमहुआ कोडरमा मुख्य मार्ग से हजारों वाहनों का आवागमन होता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र के विभिन्न पत्थर खदानों एवं क्रशर मंडियों से गिट्टी और बोल्डर लदे हाइवा, ट्रक तथा अन्य भारी वाहन लगातार इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में गुंडरी मोड़ के समीप स्थित घुमावदार चौराहा दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मोड़ के पास सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर भारी वाहनों के चालकों को मोड़ पार करने में काफी परेशानी होती है। वहीं खराब सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और अधिक खतरनाक बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक वर्ष पूर्व ही सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन दूसरी बारिश आने से पहले ही सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई। सड़क की गुणवत्ता पर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण सड़क इतनी जल्दी टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई। बारिश के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में इस स्थान पर कई सड़क हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, मोड़ पर चेतावनी संकेतक लगाने, सुरक्षा बैरियर स्थापित करने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को इस गंभीर समस्या पर शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से जान-माल की क्षति न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


