Gridih News: डॉक्टरों ने बिना ऑपरेशन बच्ची के गले से निकाला सिक्का
Gridih News: बेंगाबाद में दो साल की बच्ची शिवांशी कुमारी ने खेलते समय एक रुपए का सिक्का निगल लिया। सांस लेने में दिक्कत के बाद परिजनों ने उसे क्लीनिक में भर्ती कराया। एक्स-रे से पता चला कि सिक्का गले में फंसा था, जिसे बिना ऑपरेशन के डॉक्टरों ने सुरक्षित रूप से निकाल लिया। बच्ची अब स्वस्थ है।

Gridih News: बेंगाबाद। बेंगाबाद में खेल-खेल में दो साल की बच्ची शिवांशी कुमारी ने एक रुपए का सिक्का निगल लिया। कुछ देर बाद बच्ची को सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजनों को शुरुआत में पता ही नहीं चला कि बच्ची ने सिक्का निगल लिया है। बताया जाता है कि पास में खेल रहे एक बच्चे ने बताया कि कुछ देर पहले उसके हाथ में सिक्का था। इसके बाद परिजन घबरा गए और बच्ची को तुरंत बेंगाबाद के पोद्दार क्लीनिक ले गए। क्लीनिक में डॉक्टरों ने एक्स-रे कराया तो पता चला कि सिक्का बच्ची के गले में फंस गया है, जिसके कारण उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
इसके बाद डॉ. आकांक्षा पोद्दार, डॉ. राजेश पोद्दार और उनकी टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए बिना ऑपरेशन की बच्ची के गले से सिक्का बाहर निकाल दिया। बच्ची अब पूरी तरह स्वस्थ है। डॉक्टरों ने अपील की है कि छोटे बच्चों के हाथ में सिक्का या कोई छोटी वस्तु न दें, यह जानलेवा साबित हो सकता है।


