Gridih News: बेंगाबाद चौक पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला
Gridih News: बेंगाबाद में एक ट्रक की डीजल टंकी फटने से भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से आग को समय पर बुझा लिया गया, अन्यथा यह एक बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन ट्रक और पास खड़ी पिकअप वैन को नुकसान पहुंचा।

Gridih News: बेंगाबाद। बेंगाबाद चौक पर गुरुवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक चलते ट्रक की डीजल टंकी फटने से उसमें भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या एपी 05 टीडी 7399 पटना से मछली खाली कर नारायणपुर जामताड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बेंगाबाद चौक के पास अचानक डीजल टंकी फट गई और सड़क पर डीजल फैलने लगा। साइलेंसर की चिंगारी से डीजल ने आग पकड़ ली।चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को एनएच किनारे खड़ा कर दिया, लेकिन बहते डीजल के साथ आग की लपटें मुख्य सड़क पर फैल गईं।
आग की चपेट में आकर बगल में खड़ी एक पिकअप वैन का टायर जल गया। आग की प्रचंडता देख सड़क किनारे खड़े टोटो और ऑटो चालक वाहन लेकर भागने लगे। सूचना पर थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। बाद में अग्निशमन दस्ता भी पहुंचा, लेकिन तब तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया था। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ट्रक और पिकअप वैन के टायर जलने से नुकसान हुआ है। ट्रक चालक सलीम अंसारी नारायणपुर थाना क्षेत्र का रहनेवाला है।


