रीतलाल का भंडारो में श्रद्धांजलि समारोह आज
हीरोडीह में 22वीं पुण्यतिथि पर रीतलाल प्रसाद वर्मा को श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम उनके पैतृक आवास भंडारो स्थित समाधि स्थल पर होगा। स्व. वर्मा ने 1967 में राजनीति में कदम रखा और कोडरमा से पांच बार सांसद रहे। उनका निधन 15 जनवरी 2004 को हुआ था।

हीरोडीह, प्रतिनिधि। कोडरमा संसदीय क्षेत्र से पांच बार सांसद रहे रीतलाल प्रसाद वर्मा की 22वीं पुण्यतिथि गुरुवार को मनाई जाएगी। कार्यक्रम उनके पैतृक आवास भंडारो स्थित कुशवाहा कॉलेज परिसर स्थित समाधि स्थल पर आयोजित होगा। समारोह की शुरुआत वैदिक पूजा-अर्चना से की जाएगी। स्व. वर्मा के पुत्र एवं झामुमो नेता प्रणव वर्मा सहित पूरा परिवार, समर्थक और क्षेत्रवासी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। स्व. वर्मा का जन्म 01 फरवरी 1938 को जमुआ प्रखंड के भंडारो (तत्कालीन हजारीबाग, वर्तमान गिरिडीह जिला) में किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से विधि की शिक्षा प्राप्त की और वकालत को अपना पेशा बनाया। इसके बाद वे सक्रिय राजनीति में आए।
वर्ष 1967 में वे भारतीय जनसंघ से जुड़े। वर्ष 1972 में जनसंघ के टिकट पर जमुआ विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए और यह उनके राजनीतिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। लोकसभा में पांच बार प्रतिनिधित्व: वर्मा ने 1977 में जनता दल के टिकट पर कोडरमा लोकसभा सीट से जीत दर्ज कर संसद में प्रवेश किया। इसके बाद 1980 में जनता पार्टी और 1989, 1996 तथा 1998 में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में विजय प्राप्त की। वे कोडरमा क्षेत्र से पांच बार सांसद रहे, जो एक ऐतिहासिक राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जाता है। झारखंड राज्य गठन के उपरांत उन्होंने ‘पिछड़ा चेतना मंच’ का गठन किया तथा बाद में झारखंड मुक्ति मोर्चा से भी जुड़े और सक्रिय राजनीतिक भूमिका निभाई। 15 जनवरी 2004 को उनका निधन हो गया। उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर आज भी उन्हें श्रद्धा के साथ याद किया जाता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



