‘अनुशासन और सोच से आदर्श बन सकते हैं सरकारी विद्यालय’

Dec 17, 2025 05:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share

खोरीमहुआ में मध्य विद्यालय विशुनपुर ने शिक्षा और अनुशासन में सकारात्मक बदलाव दिखाते हुए एक नई दिशा दिखाई है। प्रधानाचार्य वरुण राय की मेहनत से विद्यालय की स्थिति में सुधार हुआ है, जहां अब 500 से अधिक बच्चे नियमित रूप से शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। भाजपा नगर अध्यक्ष भीम कुमार पांडेय ने इस बदलाव की सराहना की।

‘अनुशासन और सोच से आदर्श बन सकते हैं सरकारी विद्यालय’

खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। आज के परिवेश में जहां सरकारी शिक्षकों को ग्रामीण समाज में अक्सर संदेह की दृष्टि से देखा जाता है, वहीं उसी व्यवस्था के बीच शिक्षा और अनुशासन को नई दिशा देकर विद्यालय को एक बेहतर मुकाम तक पहुंचाने का उदाहरण मध्य विद्यालय विशुनपुर ने प्रस्तुत किया है। ऐसे शिक्षक न केवल सम्मान के पात्र हैं, बल्कि उन्हें आदर्श के रुप में अपनाया जाना चाहिए। उक्त बातें बुधवार को मध्य विद्यालय विशुनपुर में भाजपा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह रांची के भाजपा नगर अध्यक्ष भीम कुमार पांडेय ने कहीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई विद्यालयों का भ्रमण किया है, लेकिन धनवार प्रखंड क्षेत्र के विशुनपुर विद्यालय में जो सकारात्मक बदलाव देखने को मिला, वैसा बदलाव संभवतः कहीं और देखने को नहीं मिलता।

उन्होंने बताया कि पांच से सात वर्ष पूर्व विद्यालय की स्थिति अत्यंत दयनीय थी। शिक्षा के अभाव और अव्यवस्था के कारण बच्चे विद्यालय आने से कतराते थे। लेकिन प्रधानाचार्य वरुण राय के पदभार संभालने के बाद विद्यालय की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। आज उसी विद्यालय में 500 से अधिक बच्चे नियमित रूप से शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यालय परिसर में विकसित बागवानी और दुर्लभ पेड़-पौधों ने न केवल विद्यालय की सुंदरता बढ़ाई है, बल्कि इसे एक प्रेरक शैक्षणिक वातावरण भी प्रदान किया है। समारोह में प्रधानाचार्य वरुण राय को सम्मानित करते हुए भीम कुमार पांडेय ने कहा कि उनकी मेहनत, लगनशीलता और उच्च विचारों के कारण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल पा रही है, जो गर्व की बात है। वहीं सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानाचार्य वरुण राय ने कहा कि इस प्रकार का सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि संपूर्ण शिक्षक समाज का है। ऐसे आयोजनों से हमारी प्राचीन, गौरवशाली गुरुकुल परंपरा की याद ताजा हो जाती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में संस्कार के साथ बेहतर शिक्षा देने का हर संभव प्रयास किया गया है, जिसमें सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा है। इससे पूर्व विद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य वरुण राय द्वारा किए गए क्रांतिकारी बदलावों की जानकारी दी गई तथा पूर्व की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिव कुमार पांडेय, दिलीप कुमार, उमेश तिवारी, ललित कुमार, अरुण तिवारी, घनश्याम तिवारी, धनराज तिवारी, सोहन तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।